अंकिता भंडारी केस में बड़ा सियासी धमाका: बीजेपी के दिग्गज भी अब CBI जांच के पक्ष में; पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने धामी सरकार को दी ‘निर्णायक’ सलाह!
मुकेश कुमार
लालकुआँ/: अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में अब भाजपा के भीतर से ही उठ रही आवाजों ने सूबे की सियासत में हलचल तेज कर दी है। लालकुआँ विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने एक बड़ा बयान देते हुए स्पष्ट किया है कि प्रदेश की जनभावना अब पूरी तरह से CBI जांच के पक्ष में है।
प्रेसवार्ता के दौरान नवीन दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अंकिता के माता-पिता से मुलाकात करना और उनकी भावनाओं का सम्मान करना एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री के इस हस्तक्षेप के बाद अब इस संवेदनशील मामले का शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण पटाक्षेप होने की उम्मीद जगी है।
पूर्व विधायक दुम्का ने बेहद बेबाकी से कहा कि अगर सरकार सीबीआई जांच का निर्णय लेती है, तो इससे समाज में फैली हर तरह की आशंका और संशय का अंत होगा। उन्होंने कहा कि सत्य सामने आने से सरकार की साफ-सुथरी छवि और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।
विपक्ष के प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन सरकार को राज्य की छवि को ध्यान में रखते हुए कड़े फैसले लेने होंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उर्मिला सनावर वापस लौट आई हैं और एसआईटी के समक्ष बयान देने के लिए उपलब्ध हैं।
राजनीतिक गलियारों में दुम्का के इस बयान को बेहद अहम माना जा रहा है। अब तक केवल विपक्ष सीबीआई जांच की मांग कर रहा था, लेकिन अब सत्तापक्ष के ही एक वरिष्ठ नेता द्वारा जनभावनाओं का हवाला देकर सीबीआई जांच की पैरवी करना यह संकेत देता है कि सरकार पर अब ‘भीतर’ से भी निर्णायक कदम उठाने का दबाव बढ़ गया है।



