चमोली पुलिस ने चलाया “ऑपरेशन इवनिंग स्टार्म”, छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा
अज़हर मलिक
चमोली पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “ऑपरेशन इवनिंग स्टार्म” नामक अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के नेतृत्व में यह अभियान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।
पुलिस टीम स्कूल-कॉलेजों के खुलने और बंद होने के समय गश्त कर रही है। इस दौरान छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा के टिप्स भी दिए जा रहे हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
साथ ही, पुलिस अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रख रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की है और इसे महिला सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
चमोली पुलिस की इस पहल का उद्देश्य न केवल छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि उन्हें सामाजिक तौर पर सशक्त बनाना भी है।