जसपुर में पुलिस के दोहरे रवैये पर भड़के विधायक आदेश चौहान: कोतवाली में दागीं 2 शिकायतें, अफसरों को दी 2027 में हिसाब लेने की चेतावनी!
अज़हर मलिक
उत्तराखंड के जसपुर में आज सियासी पारा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया जब विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ दोहरे मापदंड अपनाने पर जोरदार हल्ला बोल दिया। कांग्रेस ने आज दो अलग-अलग गंभीर मामलों में पुलिस को लिखित शिकायतें सौंपी, जिसमें पहली तहरीर हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर यज्ञ और गंगाजल छिड़ककर स्थल का शुद्धिकरण करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ SC/ST एक्ट और BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर दी गई। वहीं दूसरी तहरीर रुद्रपुर में मौलाना के बयान पर त्वरित कार्रवाई और भाजपा विधायक शिव अरोड़ा के आपत्तिजनक व भड़काऊ बयानों पर पुलिस द्वारा साधी गई चुप्पी और लचीलेपन को लेकर दी गई।
कोतवाली परिसर में भारी भीड़ के बीच आक्रोशित नजर आए विधायक आदेश चौहान ने कानून के दोहरे पैमानों पर प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और गलत चाहे कोई भी हो, कार्रवाई दोनों पर समान रूप से होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस महकमे को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि जो अधिकारी सरकार के दबाव में पक्षपातपूर्ण और चाटुकारिता की राजनीति कर रहे हैं, वे यह न भूलें कि 2027 में सत्ता बदलेगी और कांग्रेस की सरकार आएगी। विधायक ने खुले शब्दों में चेतावनी दी कि जो अधिकारी आज निष्पक्षता भूलकर आंखें मूंदे बैठे हैं, आने वाले समय में उनसे एक-एक बात और हर एक्शन का पाई-पाई हिसाब लिया जाएगा। कांग्रेस के इस आक्रामक रुख और दो-दो शिकायतों के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।



