दहेज की भूख का खौफनाक अंजाम! बुलेट और 5 लाख की मांग, नवविवाहिता की हत्या का आरोप; पति समेत चार गिरफ्तार

Advertisements

दहेज की भूख का खौफनाक अंजाम! बुलेट और 5 लाख की मांग, नवविवाहिता की हत्या का आरोप; पति समेत चार गिरफ्तार

सलीम अहमद साहिल 

रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता कोहिनूर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के पिता नसीम अहमद निवासी बुढनपुर, थाना डिलारी, तहसील ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद ने 18 अक्टूबर 2026 को कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को गैस गोदाम रोड, खताड़ी, रामनगर निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ हुआ था। शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष कथित तौर पर लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग कर रहा था। आरोप है कि 16 अक्टूबर 2026 को कोहिनूर की हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 339/2026, धारा 80(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

Advertisements

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, दहेज की रकम और पारिवारिक मामलों को लेकर कोहिनूर और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, उसके हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए गले में दुपट्टा बांधकर शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने पति उवेश पुत्र फजले अली (22 वर्ष), सास नसरीन पत्नी फजले अली (50 वर्ष), जेठ अनस पुत्र फजले अली (23 वर्ष) और ननद शबा पुत्री फजले अली (20 वर्ष), सभी निवासी खताड़ी क्षेत्र, रामनगर, को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित भूमिकाओं और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

 

इस कार्रवाई में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की मौत का यह मामला समाज के सामने गंभीर सवाल खड़ा करता है। हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होगी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले की विवेचना और न्यायिक कार्यवाही पर निगाहें टिकी हैं।

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Translate »