बरहनी के जंगलों में तस्करों का साम्राज्य। वन विभाग की गश्त फेल या वर्दी में छिपे जिम्मेदार कर रहे है खेल। तस्करों के सामने वन विभाग बेबस या व्यवस्था में ही छिपे हैं जंगल के गुनहगार? बरहनी में सागौन-खैर की लूट, वर्दी पर फायरिंग ने खोली महकमे की पोल।
सलीम अहमद साहिल
बरहनी के जंगलों में इन दिनों लकड़ी तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें न जंगल के कानून का खौफ है और न ही वन विभाग की वर्दी का लिहाज। बेशकीमती सागौन और खैर की लाल लकड़ी पर आरीयाँ चलाकर जंगलों को खोखला कर रहे तस्कर अब वन विभाग की टीम पर गोलियां बरसाने से भी नहीं चूक रहे हैं। जंगलों में लगातार उजड़ते पेड़, वन संपदा की खुलेआम लूट और तस्करों के बढ़ते दुस्साहस ने तराई केंद्रीय वन प्रभाग की गश्त, निगरानी और मुखबिर तंत्र की पोल खोलकर रख दी है। सागौन की बेशकीमती लकड़ी हो या खैर का लाल सोना, तस्करों के लिए जंगल अब खुली लूट का अड्डा बनते नजर आ रहे हैं। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि जंगलों की रखवाली का जिम्मा संभालने वाले वन विभाग की मौजूदगी भी तस्करों के हौसले पस्त करने में नाकाम दिखाई दे रही है। ताजा मामला 27 नवंबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे तराई केंद्रीय वन प्रभाग, रुद्रपुर की बरहनी रेंज में बोर नदी जीरो पॉइंट के समीप का है, जहां लकड़ी तस्करों और वन विभाग की एसओजी टीम के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार तस्करों ने वन विभाग की टीम पर करीब 40 से 45 राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में वनकर्मियों ने आत्मरक्षार्थ लगभग 30 से 35 राउंड गोलियां चलाईं। इस खूनी मुठभेड़ में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई के बाद तस्कर अपनी तीन मोटरसाइकिलें और सागौन की लकड़ी के गिल्टे मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पर डीएफओ ने अतिरिक्त वनकर्मियों को मौके पर भेजा और पुलिस को भी जानकारी दी गई। लेकिन सवाल यह है कि जिस जंगल में तस्कर वन विभाग की टीम पर दर्जनों राउंड गोलियां बरसाने का दुस्साहस कर रहे हैं, वहां वन संपदा की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि बरहनी रेंज के जंगलों में अब तक तस्कर कितने बेशकीमती पेड़ों को आरीयाँ चला कर धरासाई कर चुके हैं और वन विभाग को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगती? आखिर जब जंगलों में सागौन और खैर के विशालकाय पेड़ों पर आरियां चलती हैं, तब जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी किस दुनिया में मशगूल रहते हैं? क्या वन विभाग की गश्त महज कागजी खानापूर्ति बनकर रह गई है? क्या मुखबिर तंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है या फिर जंगलों में चल रहे इस सुनियोजित खेल को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है? यह सवाल इसलिए भी गंभीर हैं क्योंकि बाजपुर के बरहनी रेंज क्षेत्र से खैर और सागौन की भारी मात्रा में लकड़ी कभी कैंटर तो कभी गोदामों से बरामद होने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। लेकिन हर बार कार्रवाई का दायरा लकड़ी की बरामदगी और मौके पर पकड़े गए लोगों तक सिमटता दिखाई देता है। जंगल में पेड़ किसने कटवाए, लकड़ी किस रास्ते से बाहर निकली, तस्करी का नेटवर्क किन लोगों के इशारे पर संचालित हो रहा है और इस पूरे सिंडिकेट की जड़ें कहां तक फैली हैं, इन सवालों का जवाब आज भी अधूरा है। जंगलों में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई केवल वन संपदा की लूट नहीं है, बल्कि वन्यजीवों के आशियाने उजाड़ने और उनके प्राकृतिक आवास को तबाह करने की भी साजिश जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर रही है। पेड़ कटेंगे तो वन्यजीवों के ठिकाने उजड़ेंगे, जंगल सिमटेंगे तो मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा भी बढ़ेगा। लेकिन लगता है कि जंगलों की इस बर्बादी का हिसाब रखने वाला जिम्मेदार महकमा अब तक कोई ठोस रणनीति तैयार नहीं कर पाया है।

अब सवाल केवल लकड़ी तस्करों की गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि उस पूरे तंत्र की जवाबदेही का है जिसकी नाक के नीचे जंगलों की बेशकीमती संपदा लूटी जा रही है। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में लकड़ी जंगल से कटकर सड़कों तक और फिर गोदामों तक पहुंचती कैसे है? तस्करों को सुरक्षित रास्ते और आवाजाही की जानकारी कौन देता है? क्या इस तस्करी के पीछे विभागीय लापरवाही है या फिर विभाग के भीतर बैठे कुछ खाकी मे छिपे भेड़िये शामिल हैं जिनकी कथित मिलीभगत के बिना इतना बड़ा नेटवर्क संचालित होना संभव नहीं? इन आशंकाओं की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। यदि विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी की तस्करों से मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी उतनी ही कठोर कार्रवाई होनी चाहिए जितनी किसी लकड़ी तस्कर के खिलाफ होती है। क्योंकि जंगलों की रखवाली की जिम्मेदारी जिन कंधों पर है, यदि उन्हीं में से कोई जंगल के लुटेरों का मददगार बन जाए तो फिर वन संपदा को बचाएगा कौन? वन विभाग के आला अधिकारियों को अब कागजी गश्त, औपचारिक कार्रवाई और बरामदगी के आंकड़ों से आगे बढ़कर तस्करी के पूरे सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचना होगा। बरहनी के जंगलों में तस्करों की गोलियां वन विभाग की टीम पर ही नहीं चली हैं, तस्करो ने वन विभाग को गोलियों के धामके से ये बताने का प्रयास किया है कि जंगलो मे अब वन विभाग का राज नहीं है है बल्कि तस्करो का साम्राज्य है। विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगलों को खोखला करने वाले तस्करों पर शिकंजा कब कसेगा, वन विभाग की कथित लापरवाही की जवाबदेही कब तय होगी और वर्दी की आड़ में यदि कोई तस्करों का मददगार छिपा है तो उस पर कार्रवाई कब होगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को देने होंगे, क्योंकि जंगल उजड़ रहे हैं, वन्यजीवों के आशियाने लुट रहे हैं और तस्करों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।