स्टेडियम से कुंडा तक जारी दौड़ ट्रायल में अव्यवस्था का साया, शौचालय के अभाव से जूझ रहीं महिला अभ्यर्थी
सलीम अहमद साहिल
स्केलर पदों की भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत स्टेडियम से कुंडा मार्ग तक शारीरिक दक्षता एवं दौड़ ट्रायल का संचालन किया जा रहा है, जिसमें पुरुषों के साथ-साथ महिला अभ्यर्थी भी बड़ी संख्या में पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रही हैं। यद्यपि दौड़ और तकनीकी संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से गतिमान हैं, लेकिन पूरे ट्रायल मार्ग और आयोजन स्थल पर शौचालय जैसी अत्यंत बुनियादी सुविधा की घोर अनदेखी प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।
सुबह से लेकर घंटों तक चलने वाली इस कठिन शारीरिक परीक्षा के दौरान शौचालय की वैकल्पिक या अस्थायी व्यवस्था न होने के कारण महिला अभ्यर्थियों को गंभीर असहजता और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। भर्ती में शामिल होने पहुंची महिला उम्मीदवारों का स्पष्ट कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी के बावजूद इस संवेदनशील आवश्यकता की उपेक्षा बेहद चिंताजनक है, और संबंधित जिम्मेदारों को तत्काल मोबाइल टॉयलेट या समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि अभ्यर्थियों के सम्मान और सुविधा की रक्षा हो सके।