जिस घर का इकलौता सहारा थे प्रेम सिंह, वहां अब रह गईं सिर्फ यादें ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उजाड़ दिया परिवार। दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, फरार ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार।
सलीम अहमद साहिल
रामनगर के मालधन क्षेत्र के तुमड़िया डैम प्रथम में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने 60 वर्षीय प्रेम सिंह की जिंदगी छीन ली। प्रेम सिंह साइकिल से दवा लेकर अपने घर लौट रहे थे। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गए और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। इस हादसे ने एक ऐसे परिवार की खुशियां उजाड़ दीं, जिसके सिर से पहले ही मां का साया उठ चुका था। प्रेम सिंह की पत्नी का कई वर्ष पूर्व निधन हो गया था। अब परिवार में उनके पीछे एक दिव्यांग पुत्र रह गया है, जबकि दो बेटियों की शादी हो चुकी है। ऐसे में परिवार के मुखिया का इस तरह अचानक दुनिया छोड़ जाना उनके अपनों के लिए ऐसा गहरा जख्म बन गया है। जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। जिस घर में प्रेम सिंह की मौजूदगी परिवार का सहारा थी, वहां अब उनकी यादें और असहनीय सन्नाटा रह गया है।

वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई भी सामने आई। ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही पकड़ लिया, हालांकि चालक घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति संभाली गई तथा मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां आक्रोशित ग्रामीणों को कार्रवाई की उम्मीद मिली, वहीं पीड़ित परिवार को भी न्याय की आस बंधी है। बहरहाल, एक परिवार ने अपना मुखिया खो दिया है। अब जरूरत है कि मामले में निष्पक्ष जांच के साथ दोषी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित हो, ताकि प्रेम सिंह की मौत महज एक सड़क हादसे की फाइल बनकर न रह जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।