रामनगर बना हादसों का शहर, सड़कों पर नाच रही मौत। क्या मुख्यमंत्री धामी के सड़क सुरक्षा निर्देशों को ठेंगा दिखा रहे एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव?

Advertisements

रामनगर बना हादसों का शहर, सड़कों पर नाच रही मौत। क्या मुख्यमंत्री धामी के सड़क सुरक्षा निर्देशों को ठेंगा दिखा रहे एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव?

                    सलीम अहमद साहिल

 

Advertisements

रामनगर की सड़कें अब सफर का रास्ता कम और मौत का जाल ज्यादा बनती जा रही हैं। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी आम नागरिकों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। पैदल चलने वाला राहगीर हो या अपने निजी वाहन से सफर करने वाला व्यक्ति, हर कदम पर हादसे का खतरा मंडरा रहा है। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे एआरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा रामनगर पंकज श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। द ग्रेट न्यूज़ ने अपने पूर्व के दो संस्करणों में 22 नवंबर 2026 और 23 नवंबर 2026 को रामनगर की सड़कों पर परिवहन नियमों की उड़ती धज्जियों और संभावित बड़े हादसे को लेकर आगाह किया था। लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई के अभाव को लेकर उठ रहे सवालों के बीच 26 नवंबर 2026 को मालधन क्षेत्र के तुमड़िया डैम में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे कुचलने से प्रेम सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार का इकलौता सहारा छिन गया और घर में मातम पसर गया। वहीं, 27 नवंबर 2026 कि सुबह रामनगर में तेज रफ्तार रोडवेज बस और डंपर की भीषण भिड़ंत में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल यह है कि आखिर कितनी और जिंदगियां सड़क हादसों की भेंट चढ़ेंगी, तब परिवहन विभाग की जवाबदेही तय होगी?

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सार्वजनिक रूप से सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता जताते रहे हैं। सघन चेकिंग, तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग पर अंकुश, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा वाहनों की फिटनेस और चालकों के लाइसेंस की सख्त जांच जैसे स्पष्ट निर्देश परिवहन विभाग को दिए जाते रहे हैं। लेकिन रामनगर की सड़कों की मौजूदा तस्वीर इन निर्देशों के धरातल पर क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। क्या एआरटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव तक मुख्यमंत्री के निर्देशों का प्रभावी संदेश नहीं पहुंच रहा है या फिर इन निर्देशों को अमलीजामा पहनाने में इच्छाशक्ति का अभाव है? कुछ वाहनों के चालान, कुछ वाहनों मे सीज की कार्रवाई और प्रेस विज्ञप्तियों के जरिए अपनी उपलब्धियां गिनाना पर्याप्त नहीं, जब सड़कों पर तेज रफ्तार और नियमों की धज्जियां उड़ाते वाहन लगातार लोगों की जान के लिए खतरा बने हों। सड़क हादसों में किसी का पिता छिन रहा है, किसी का बेटा, तो किसी परिवार का इकलौता कमाने वाला हमेशा के लिए बिछड़ रहा है। यह महज यातायात अव्यवस्था नहीं, बल्कि सरकारी सड़क सुरक्षा दावों और जमीनी हकीकत के बीच गहरी खाई का सवाल है। जब मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद स्थानीय स्तर पर प्रभावी प्रवर्तन नजर नहीं आता, तो जनता के मन में भाजपा सरकार की नीतियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर अविश्वास और आक्रोश पैदा होना स्वाभाविक है। आखिर सड़क सुरक्षा के नाम पर जारी आदेशों का लाभ आम जनता तक क्यों नहीं पहुंच रहा? क्या रामनगर में किसी बहुत बड़े हादसों के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद खुलेगी या किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार किया जा रहा है? अब जरूरत कागजी कार्रवाई और औपचारिक प्रेस नोटों की नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने और नियमित सघन प्रवर्तन और लापरवाही के मामलों में ठोस कार्रवाई की है।

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Translate »