जिलाधिकारी वन्दना सिंह की जनता को राहत देने की पहल – घर-घर पहुँच रही सरकारी सेवाएँ, हल्द्वानी में लगा जन सुविधा शिविर
सलीम अहमद साहिल
हल्द्वानी- जिला प्रशासन नैनीताल की ओर से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे जन सुविधा शिविर अब आम लोगों के लिए बड़ी राहत बनते जा रहे हैं। जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह के नेतृत्व में प्रशासन ने वह कार्य कर दिखाया है, जिसके लिए वर्षों तक लोग तहसीलों और विभागीय दफ्तरों के चक्कर लगाते रहते है

इसी क्रम में मंगलवार को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 54 (सिद्धेश्वर मंदिर प्रांगण) तथा वार्ड 53 (कान्ता बैंक्वेट हॉल) में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में बिजली, जल संस्थान, पूर्ति, नगर निगम, सिंचाई विभाग समेत तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में नागरिकों की शिकायतें दर्ज कर तत्काल निस्तारित की गईं।
एक ही मंच पर समाधान

शिविर में नागरिकों ने सीधे विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएँ रखीं। शिकायतों का विधिवत पंजीकरण कर मौके पर ही कार्यवाही की गई तथा कुछ मामलों को आगे की कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया। इस व्यवस्था से नागरिकों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली और समय व संसाधनों की बड़ी बचत हुई।
विभागवार आंकड़े और कार्रवाई
आधार सेवा : कुल 82 नए आधार कार्ड बनाए गए और कई में संशोधन किया गया।
विद्युत विभाग : 13 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें बिल प्राप्त न होना, लो-वोल्टेज, चेक मीटर पंजीकरण और मंदिर की छत से तार गुजरने जैसी समस्याएँ शामिल थीं। विभाग ने कई प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई की।
पूर्ति विभाग : 10 शिकायतें मिलीं। इनमें राशन कार्ड में पता व फोटो संशोधन, नए राशन कार्ड, नाम जोड़ने और ऑनलाइन प्रक्रिया से जुड़ी समस्याएँ सम्मिलित थीं।
नगर निगम : 10 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 07 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। ये सभी स्ट्रीट लाइट की खराबी से संबंधित थीं, जबकि 03 शिकायतें नई स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर थीं।
जल संस्थान : 02 शिकायतें दर्ज हुईं। एक जल आपूर्ति का दबाव कम होने और दूसरी पानी की आपूर्ति न होने से संबंधित थी। दोनों पर तत्काल जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विशेष पहल : यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण हेतु भी आवेदन स्वीकार किए गए।
जनता को मिल रही बड़ी राहत
इन शिविरों में नागरिकों की मौजूदगी और उत्साह इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन की यह पहल जनता के लिए कितनी उपयोगी साबित हो रही है। अब आम लोग अपनी रोज़मर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों की दौड़ लगाने से मुक्त हो रहे हैं। जिलाधिकारी वंदना सिंह का यह कदम जनता के लिए “सरकारी सेवाएँ उनके द्वार पर” उपलब्ध कराने की दिशा में एक ठोस प्रयास है।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी
शिविर में वार्ड 53 के पार्षद राजेश पंत और वार्ड 54 के पार्षद हरेंद्र सिंह बिष्ट, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, नगर आयुक्त ऋचा सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इससे नागरिकों को सीधे तौर पर अपनी बात रखने और त्वरित समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला।
अगला शिविर
प्रशासन ने बताया कि अगला जन सुविधा शिविर बुधवार, 20 अगस्त 2025 को वार्ड 51 एवं 52 के लिए जनमिलन केंद्र, हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में सम्मिलित हों और अपनी समस्याएँ सीधे विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें।