गलत अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट से नवजात की जान पर बनी आफत! शिकायत पर उल्टा गालियां और धमकियां मिलने के आरोप, सीएमओ के बाद अब एसडीएम से शिकायत, बहेड़ी के इस अल्ट्रासाउंड सेंटर पर गंभीर आरोप, SDM से न्याय की गुहार
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली/बहेड़ी : बहेड़ी स्थित निजी ग्लोबल अल्ट्रासाउंड सेंटर पर लापरवाही और गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सेंटर की कथित गलत अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के कारण गर्भवती महिला और नवजात की जान जोखिम में पड़ गई। इतना ही नहीं, शिकायत करने पहुंचने पर सेंटर संचालक ने गाली-गलौज, धमकी और धक्का देकर भगा दिया।
मंडनपुर निवासी नईम खां ने अपनी पत्नी रूबी का पहली बार 18 फरवरी 2026 को बहेड़ी बाईपास रोड स्थित ग्लोबल अल्ट्रासाउंड सेंटर पर अल्ट्रासाउंड कराया था। रिपोर्ट में गर्भावस्था सामान्य बताते हुए 13 सप्ताह 4 दिन की बताई गई। इसके बाद 4 मई 2026 को दोबारा इसी सेंटर पर जांच कराई गई, जहां फिर से गर्भावस्था सामान्य बताते हुए 25 सप्ताह 2 दिन की रिपोर्ट दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में जब गर्भवती की तबीयत बिगड़ी और दूसरे डॉक्टर को दिखाया गया तो तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी गई। ऑपरेशन के बाद नवजात की पीठ पर गहरा घाव और सिर में सूजन पाई गई। दूसरे डॉक्टर ने कथित रूप से बताया कि ऐसी स्थिति का संकेत समय रहते अल्ट्रासाउंड में मिल सकता था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब पीड़ित 25 जुलाई 2026 को सेंटर पर शिकायत करने पहुंचा तो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को सेंटर संचालक बताते हुए कहा कि वह डॉक्टर के नाम से सेंटर चलाता है और रिपोर्ट पर भी डॉक्टर के हस्ताक्षर कर देता है। विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज, धमकी और धक्का देकर भगा दिया गया।
पीड़ित ने अपने प्रार्थना पत्र में यह कहा है कि इस पूरे मामले की शिकायत पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) से भी की जा चुकी है, SDM से हस्तक्षेप और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।



