IAS नीतीश कुमार ने संभाली उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के एमडी की कमान, मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तहत 2010 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन (UPPCL) के प्रबंध निदेशक (MD) का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी पंकज कुमार से ग्रहण की, जो अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं देने के लिए कार्यमुक्त हो गए हैं। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इससे पूर्व, नीतीश कुमार दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (डिस्कॉम) के एमडी के रूप में कार्यरत थे, जहाँ उनके बेहतर प्रबंधन को देखते हुए उन्हें अब इस बड़ी और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है। अयोध्या और बरेली जैसे महत्वपूर्ण जिलों में बतौर जिलाधिकारी (DM) अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके नीतीश कुमार के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है, जिससे अब प्रदेश की बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



