हाईवे पर अवैध पार्किंग का मकड़जाल बना जंजाल” बड़ रही दुर्घटनाएं, जिम्मेदार मौन, समाजसेवियों ने दी आन्दोलन की चेतावनी।
– मुकेश कुमार
– लालकुआँ क्षेत्र में बरेली नैनीताल नेशनल हाईवे -109 पर वाहनों की अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग लंबे समय से गंभीर समस्या बनी हुई है। हाईवे किनारे स्थित ढाबों और सेचुरी पेपर मिल से जुड़े ओवरलोड और ओवरहाइट वाहन मनमाने ढंग से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लालकुआँ ट्रांसपोर्ट नगर से लगभग दो किलोमीटर तक हाईवे के दोनों ओर सर्विस लाइन बनी है, बावजूद इसके वाहन चालक हाईवे पर ही आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों के निकलने की जगह कम हो जाती है और हादसों की स्थिति बनती है। वीआईपी गेट क्षेत्र में सेचुरी पेपर मिल के ओवरलोड वाहन हाईवे पर खड़े रहने से प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
पिछले दो वर्षों में इसी मार्ग पर कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार को हुआ हादसा इसका ताजा उदाहरण है, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
इधर युवा समाजसेवी पियूष जोशी ने जिला और पुलिस प्रशासन से एनएच-109 पर अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग और अतिक्रमण के खिलाफ स्थायी समाधान और सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इधर पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल ने कहा कि हाईवे के दोनों और अवैध पार्किंग की जा रही है उन्होंने जो बड़ी समस्या है उन्होंने कहा कि जल्द ही एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों को चेतावनी दी है कि किसी तरह की अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।