जंगल की खामोश रातों में पहरा देते अधिकारीयों और वन कर्मचारियों की ज़िन्दगी का काला सच जो शायद आप सोच भी नहीं सकते है।
सलीम अहमद साहिल
एक तरफ परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाने की चाहत, तो दूसरी तरफ कंधों पर जिम्मेदारियों का भारी बोझ.. एक तरफ घर में जगमगाती रंग-बिरंगी रोशनियां, अपनों के चेहरों पर मुस्कान और खुशियों का माहौल, तो दूसरी तरफ घने जंगलों की खामोश पगडंडियों पर मौत के साये के बीच कदमताल करते कुछ ऐसे लोग, जिनकी जिंदगी में त्योहार अक्सर ड्यूटी की जिम्मेदारियों के आगे दम तोड़ देते हैं। टूटते अरमान, अधूरे शौक और परिवार के साथ खुशियों के कुछ अनमोल पल बिताने की ख्वाहिशें, वक्त के साथ उनकी जिंदगी से कहीं दूर छूटती चली जाती हैं। जरा सोचिए, जब हम अपने परिवार के साथ होली के रंगों में सराबोर होते हैं, दीपावली पर रोशनी के बीच खुशियां बांट रहे होते हैं या नए साल के जश्न में डूबे होते हैं, ठीक उसी वक्त जंगल के अंधेरे में कुछ कदमों की आहट गूंज रही होती है। वहां न रोशनी का जश्न होता है, न अपनों के साथ हंसी-ठिठोली.. होता है तो सिर्फ घना अंधेरा, खतरनाक रास्ते, खूंखार वन्यजीवों की मौजूदगी और हर पल किसी अनहोनी का खतरा। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर यह कैसी कहानी है? क्या यह किसी फिल्म का दृश्य है या फिर किसी की जिंदगी का मनगढ़ंत किस्सा? नहीं जनाब! यह किसी फिल्म की पटकथा नहीं, बल्कि उन वनकर्मियों की जिंदगी की एक ऐसी खामोश हकीकत है, जिनकी ड्यूटी के पीछे छिपे त्याग और संघर्ष को शायद ही कभी कोई महसूस कर पाता है।
दरअसल, हर साल होली, दीपावली और नववर्ष जैसे बड़े त्योहारों के दौरान वन्यजीवों के शिकार, तस्करी और वन संपदा के अवैध दोहन की आशंकाओं को देखते हुए वन विभाग अलर्ट जारी करता है। जंगलों में निगरानी बढ़ा दी जाती है, गश्ती दल सक्रिय कर दिए जाते हैं और अधिकारी-कर्मचारी रात-दिन जंगलों की सुरक्षा में जुट जाते हैं। क्योंकि त्योहारों की आड़ में कुछ तस्कर और शिकारी वन्यजीवों की जान तथा बेशकीमती वन संपदा को अपनी कमाई का जरिया बनाने की फिराक में रहते हैं। अखबारों और न्यूज चैनलों के लिए यह महज एक खबर होती है कि वन विभाग ने जंगलों में गश्त बढ़ा दी है, वहीं आम जनता के लिए यह एक सूचना होती है कि वन्यजीवों और जंगलों की सुरक्षा के लिए विभाग मुस्तैद है। लेकिन इस छोटी-सी खबर के पीछे छिपी होती है कई परिवारों की अधूरी खुशियां, बच्चों की प्रतीक्षा करती आंखें और अपनों से दूर रहने की एक लंबी पीड़ा। क्योंकि जंगल की सुरक्षा कोई त्योहार देखकर नहीं होती और न ही वन्यजीवों को इस बात से फर्क पड़ता है कि आज दीपावली है या होली। जब पूरा परिवार एक साथ बैठकर त्योहार मना रहा होता है, तब वन विभाग के अधिकारी और सबसे निचले पायदान पर तैनात वनकर्मी घने जंगलों में अपनी जान जोखिम में डालकर गश्त कर रहे होते हैं। कोई अंधेरी पगडंडी पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहा होता है, तो कोई खूंखार वन्यजीवों की मौजूदगी के बीच जंगल की हिफाजत में जुटा होता है। अब कोई यह कह सकता है कि यह उनकी नौकरी है और यह उनकी ड्यूटी का हिस्सा है। बिल्कुल सही! लेकिन एक सवाल यह भी है कि क्या वर्दी पहन लेने के बाद किसी इंसान की भावनाएं खत्म हो जाती हैं? क्या वनकर्मी होने के बाद उसके अपने परिवार, माता-पिता, भाई-बहन और बच्चों के साथ त्योहार मनाने के अरमान नहीं होते? उनका भी मन करता है कि वे अपने बच्चों के साथ दीपावली के दीप जलाएं, परिवार के साथ होली के रंगों में सराबोर हों और अपनों के बीच बैठकर नए साल का स्वागत करें। मगर कई बार उनकी यह छोटी-सी ख्वाहिश भी जंगल की सुरक्षा के आगे कुर्बान हो जाती है। सबसे ज्यादा दर्दनाक पहलू तो यह है कि लगभग 40 वर्षों की सेवा पूरी कर जब ये कर्मचारी 60 वर्ष या उससे अधिक की उम्र में सेवानिवृत्त होते हैं, तब तक जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा गुजर चुका होता है। बच्चे जवान हो चुके होते हैं, उनकी शादियां हो जाती हैं, माता-पिता का साया कई बार सिर से उठ चुका होता है और शरीर भी उम्र तथा बीमारियों के बोझ तले कमजोर पड़ने लगता है। तब चाहकर भी वे उन त्योहारों को दोबारा नहीं जी सकते, जिनकी खुशियां कभी ड्यूटी की जिम्मेदारियों के पीछे छूट गई थीं। वक्त किसी के लिए नहीं रुकता और जिंदगी के बीते हुए त्योहार कभी लौटकर नहीं आते।
ऐसे जांबाज वनकर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग को सलाम है, जो अपनी निजी खुशियों से ऊपर जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा को रखते हैं। लेकिन सवाल सिर्फ उनकी बहादुरी को सलाम करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज और सरकार को भी उनके इस त्याग की अहमियत समझनी होगी। हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि त्योहारों की खुशियां मनाते समय अपने आसपास तैनात वनकर्मियों को भी याद रखे, उनके साथ खुशियां साझा करे और उन्हें यह एहसास कराए कि जंगल की सुरक्षा की इस लड़ाई में वे अकेले नहीं हैं। जंगलों में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध कटान, शिकार या वन्यजीव तस्करी की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, क्योंकि आपकी एक सूचना किसी वन्यजीव की जान बचा सकती है और किसी वनकर्मी की जिम्मेदारी को आसान बना सकती है। वहीं सरकार को भी ऐसी व्यावहारिक और संवेदनशील नीति तैयार करनी चाहिए, जिससे त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित किए बिना वनकर्मियों को चरणबद्ध तरीके से अवकाश मिल सके और वे भी अपने परिवार के बीच जाकर त्योहारों की खुशियां मना सकें। आखिर जंगल बचाने वाले इन पहरेदारों के भी अपने घर हैं, उनके भी अपने सपने हैं और उनके बच्चे भी त्योहारों पर अपने पिता का इंतजार करते हैं। जरा सोचिए, जब पूरा देश रोशनी में नहाया होता है, तब किसी जंगल की अंधेरी पगडंडी पर खड़ा एक वनकर्मी अपने घर की रोशनी को याद कर रहा होता है। शायद यही वह अनदेखा त्याग है, जिसे न कोई अख़बार की सुर्खी मिलती है और न कोई तालियां… लेकिन जिसकी बदौलत हमारे जंगल, हमारे वन्यजीव और हमारी प्राकृतिक विरासत सुरक्षित रहती है।