सुभाषनगर पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, तीन तस्कर गिरफ्तार, 1 किलो 428 ग्राम अवैध अफीम, नकदी और मोबाइल फोन बरामद, अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर
बरेली: थाना सुभाषनगर पुलिस और यूपी एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 428 ग्राम अवैध अफीम, ₹950 नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में थाना सुभाषनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तलाशी में मिली बड़ी मात्रा में अफीम
पुलिस के मुताबिक एक आरोपी के बैग से करीब 506 ग्राम और दूसरे आरोपी के बैग से 412 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके अलावा अन्य बरामदगी को मिलाकर कुल 1 किलो 428 ग्राम अवैध अफीम जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
कई राज्यों तक नेटवर्क की जांच
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब नेटवर्क के अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की सप्लाई अन्य राज्यों तक किए जाने की आशंका को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
संयुक्त टीम की कार्रवाई चर्चा में
इस कार्रवाई को सुभाषनगर पुलिस और यूपी एसटीएफ की समन्वित कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



