देवभूमि में बिलखती मां का दर्द और इंसाफ की गुहार: मालधन में जनता ने थामी मशालें, संजय नेगी ने दुष्यंत गौतम को पद से हटाने की मांग उठाई 

Advertisements

देवभूमि में बिलखती मां का दर्द और इंसाफ की गुहार: मालधन में जनता ने थामी मशालें, संजय नेगी ने दुष्यंत गौतम को पद से हटाने की मांग उठाई

 

देवभूमि उत्तराखंड की शांत वादियों में आज एक ऐसी मां की सिसकियां गूंज रही हैं, जिसने अपनी नौ महीने की कोख की कमाई को हमेशा के लिए खो दिया है। जिस बेटी को उंगलियों से पकड़कर चलना सिखाया था, आज उसी अंकिता भंडारी की सुलगती यादों और एक बिलखती मां के आंसुओं ने मालधन की सड़कों पर ऐसा जनसैलाब ला दिया है, जिसे देखकर हर संवेदनशील इंसान का कलेजा कांप उठेगा। रामनगर के मालधन चौड़ में आज सैकड़ों संख्या मे आम जनता ने हाथों में जलती हुई मशालें थामकर उस व्यवस्था के खिलाफ खुली बगावत कर दी है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया उजाड़ कर रख दी।

Advertisements

 

 

साल 2022 के उस काले पन्ने को याद कर आज भी उत्तराखंड का बच्चा-बच्चा सिहर उठता है, जब पौड़ी के वनंतरा रिसॉर्ट में एक युवा बेटी की जिंदगी को बेरहमी से छीन लिया गया था। कोर्ट के फैसलों के बीच आज चार साल बीत चुके हैं, लेकिन उस अंधी व्यवस्था ने आज तक उस मां के आंसुओं का एक कतरा भी नहीं पोंछा है। एक तरफ जहां न्याय की आस में बैठी मां का कलेजा हर रोज टुकड़ों में बंटता है, वहीं दूसरी तरफ इस गंभीर मामले की परछाइयों से जुड़े रहे चेहरों को मलाईदार कुर्सियों से नवाजे जाने ने आग में घी डालने का काम किया है। हाल ही में दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के बाद से तो पीड़ित परिवार और न्यायपसंद जनता के सब्र का बांध पूरी तरह टूट चुका है।

 

 

आज मालधन की गलियों में जब ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी और ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी के नेतृत्व में यह मशाल जुलूस निकला, तो हर आंख नम थी और हर जुबान पर बस एक ही दर्द था कि आखिर एक मां अपनी बेटी की लाश और उसके इंसाफ के लिए कब तक दर-दर की ठोकरें खाती रहेगी। जलती हुई मशालों की रोशनी में सुलगता यह आक्रोश इस बात का गवाह है कि जनता के दिलों में अंकिता के प्रति प्यार और न्याय की उम्मीद आज भी जिंदा है। संजय नेगी ने दो टूक शब्दों में मांग उठाई कि दुष्यंत गौतम को तुरंत राज्यपाल पद से बर्खास्त किया जाए और इस हत्याकांड की सुस्त पड़ी सीबीआई जांच में तेजी लाकर पर्दे के पीछे छुपे वीआईपी चेहरे को बेनकाब किया जाए, जिसे बचाने के लिए खाकी और सत्ता का पूरा जोर लगा दिया गया था।

 

 

संजय नेगी ने खुली चेतावनी देते हुए कहा कि देवभूमि की बेटियों की आबरू और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब इस राज्य की कोई बेटी इंसाफ की भीख मांगती है, तब-तब सत्ता में बैठे लोग पुलिस के बल पर उस आवाज को दबाने की घिनौनी साजिश रचते हैं। लेकिन मालधन की इन सड़कों पर उठी मशालों की यह तपिश अब चेतावनी बन चुकी है। यदि सरकार ने जल्द ही इस मामले में कड़े कदम नहीं उठाए, तो रामनगर की धरती पर ऐसा भूचाल आएगा जो सत्ता के गलियारों तक को हिला देगा। फिलहाल मालधन के अंधेरे आसमान को चीरती हुई ये जलती मशालें और एक मां की अनसुनी चीखें आज पूरे सिस्टम से यह सवाल पूछ रही हैं कि क्या देवभूमि की हर बेटी को ऐसे ही इंसाफ की भीख मांगनी पड़ेगी?

 

जुलूस में राहुल कांडपाल पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य। बसंत सिंह राणा, नितिन शाह ब्लॉक अध्यक्ष यूथ कांग्रेस मालधन, सत्यवीर सिंह, हरदीप सिंह, लकी विश्वकर्मा, इंदर लाल पूर्व प्रधान, गौरव कुमार, रणजीत सिंह, हरपाल सिंह, मित्रपाल संदीप चौधरी, विजय पाल, बंटी, मेजर, जसवीन्दर कौर, गंगा देवी, शालू कौर, रामेश्वरी देवी आशा देवी, हिमानी, स्नेहा, खुशी शाह, दीपिका और हिमांशी, आरती सहित अनेक लोग शामिल रहे।

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Translate »