फाँटो के जंगलों का रोमांच, मालधन में रात्रि विश्राम का इंतजाम। जगमोहन सिंह बिष्ट ने किया मालधन चौड़ मे चंदौला नाईट स्टे का शुभारंभ, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगी नई उड़ान।
सलीम अहमद साहिल
इको टूरिस्ट जोन फाँटो की बढ़ती लोकप्रियता ने पर्यटन के नक्शे पर मालधन चौड़ को एक नई पहचान दिलाई है। अब देश-विदेश से पर्यटक यहां के प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों और वन्यजीवों के दीदार के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन अब तक पर्यटकों के सामने एक बड़ी परेशानी यह थी कि दिनभर जंगलों की रोमांचक सैर के बाद मालधन चौड़ में रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था नहीं थी। लिहाजा, यहां कुछ और वक्त बिताने की ख्वाहिश रखने वाले पर्यटकों को बिना रुके ही वापस लौटना पड़ता था। लेकिन अब पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। मालधन चौड़ नंबर-2 में पुलिस स्टेशन के सामने चंदौला नाइट स्टे की शुरुआत हो गई है। अब पर्यटक यहां आराम से रात गुजारने के बाद सुबह सूरज की पहली किरण के साथ इको टूरिस्ट जोन फाँटो की रोमांचक सफारी का आनंद ले सकेंगे। फाँटो के घने जंगलों में बंगाल टाइगर, तेंदुआ, काकड़, हिरण और हाथियों जैसे वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में देखने का रोमांच तो मिलेगा ही, साथ ही खूबसूरत पक्षियों की चहचहाहट और आसमान में उनकी मनमोहक उड़ान प्रकृति प्रेमियों के सफर को यादगार बना देगी।
चंदौला नाइट स्टे का विधिवत शुभारंभ भाजपा उत्तराखंड कार्यकारिणी के सदस्य जगमोहन सिंह बिष्ट ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने नाइट स्टे के स्वामी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह पहल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देने के साथ स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्थानीय उद्यम आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक सार्थक कदम हैं। निश्चित तौर पर मालधन चौड़ में रात्रि विश्राम की सुविधा विकसित होने से पर्यटन को विस्तार मिलेगा और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार से जुड़ने के अवसर मिल सकते हैं। होम स्टे, नाइट स्टे, स्थानीय खानपान, परिवहन और गाइड सेवाओं के माध्यम से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है। अब उम्मीद है कि फाँटो के जंगलों का रोमांच और मालधन की मेहमाननवाजी पर्यटकों को यहां अधिक समय बिताने के लिए आकर्षित करेगी और पर्यटन के साथ स्थानीय लोगों की तरक्की के नए रास्ते भी खोलेगी।