रामनगर मे पहियों तले परिवहन विभाग के दम तोड़ते नियम परिवहन विभाग की कार्रवाई बनी महज कागजी कवायद। एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली कटघरे में।

Advertisements

रामनगर मे पहियों तले परिवहन विभाग के दम तोड़ते नियम परिवहन विभाग की कार्रवाई बनी महज कागजी कवायद। एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली कटघरे में।

                 सलीम अहमद साहिल 

 

Advertisements

रामनगर की सड़कों पर इन दिनों परिवहन नियमों की जिस तरह खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उसे देखकर ऐसा लगता है मानो नियम-कानून की किताबें सिर्फ दफ्तरों की अलमारियों में कैद होकर रह गई हैं। भारी-भरकम डंपरों के पहियों तले न केवल यातायात नियम रौंदे जा रहे हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई है। नेशनल हाईवे-309 पर जगह-जगह लंबी कतारों में खड़े डंपर और सड़कों पर बेखौफ दौड़ते भारी वाहन किसी बड़े हादसे की आशंका को लगातार हवा दे रहे हैं। सवाल यह है कि क्या परिवहन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं?परिवहन विभाग की जिम्मेदारी महज चालान काटने और कार्रवाई का प्रेस नोट जारी करने तक सीमित नहीं है। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना भी विभाग की अहम जिम्मेदारी है। लेकिन रामनगर की मौजूदा तस्वीर इस जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। एआरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा रामनगर पंकज श्रीवास्तव की ओर से समय-समय पर छोटी-मोटी कार्रवाई कर नगद चालान काटे जाने तथा गिने चुने वाहनों को सीज कि कार्यवाही कर अपने मुँह मियां मिठू बनते हुए उस कार्यवाही का लंबा-चौड़ा प्रेस नोट मीडिया को जारी किए जाने से आखिर सड़क पर कितना बदलाव आ रहा है? यदि विभाग की कार्रवाई इतनी प्रभावी है तो फिर नेशनल हाईवे-309 पर नियमों को चुनौती देते भारी वाहनों का यह जमावड़ा किसकी नाक के नीचे चल रहा है?

 

कागजों पर कार्रवाई की तस्वीर भले ही प्रभावशाली दिखाई देती हो लेकिन सड़क पर उतरकर जमीनी हकीकत देखने पर तस्वीर कुछ और ही नजर आती है। हाईवे पर खड़े डंपरों की लंबी कतारें और नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे भारी वाहन विभागीय निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। सरकारी वाहन में बैठकर निरीक्षण करना और सरकारी डीजल खर्च कर सड़कों का चक्कर लगाना तभी सार्थक है, जब उसका असर धरातल पर भी दिखाई दे। आखिर निरीक्षण के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले इन वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नजर नहीं आती है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या परिवहन विभाग के नियम-कानून केवल गरीब, छोटे वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए हैं? क्या बड़े वाहन स्वामियों और रसूखदार परिवहन कारोबारियों के लिए नियमों की कोई अलग किताब है? यदि नहीं, तो फिर नियमों को खुलेआम चुनौती देने वाले इन भारी वाहनों पर सख्ती दिखाने में विभाग के हाथ क्यों रुक जाते हैं? क्या इन वाहनों के खिलाफ भी नियमानुसार जांच, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन और उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी या फिर विभाग की जवाबदेही प्रेस नोट जारी करने तक ही सिमटकर रह जाएगी?

 

रामनगर की जनता को कागजी कार्रवाई नहीं, सड़कों पर सुरक्षा चाहिए। सवाल किसी एक चालान या प्रेस नोट का नहीं, बल्कि हजारों लोगों की जिंदगी और सड़क सुरक्षा से जुड़ा है। अब देखना यह होगा कि एआरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा पंकज श्रीवास्तव इन सवालों का जवाब जमीनी कार्रवाई से देते हैं या फिर नियमों को रौंदते भारी वाहन इसी तरह विभागीय व्यवस्था को खुली चुनौती देते रहेंगे। क्योंकि सड़क पर लापरवाही की कीमत किसी अधिकारी या वाहन स्वामी को नहीं, बल्कि किसी बेगुनाह राहगीर और उसके परिवार को अपनी जिंदगी से चुकानी पड़ सकती है।

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Translate »