जिस मजदूरी से गरीब के बच्चों का पेट भरना था, उसी रकम पर भ्रष्टाचार का पहरा। ग्राम प्रधान ज्योति कुमारी पर मनरेगा मे घोटाले के गंभीर आरोप।
सलीम अहमद साहिल
गरीबों की मेहनत की कमाई पर अगर भ्रष्टाचार का पहरा बैठ जाए तो फिर उनके घर का चूल्हा कैसे जलेगा? जिन हाथों को मनरेगा के तहत मजदूरी मिलनी थी, अगर उन्हीं के हक की रकम कथित तौर पर दूसरे हाथों में पहुंचने लगे तो इसे विकास कहेंगे या गरीबों की थाली से निवाला छीनने का सरकारी खेल? जी हां, विकासखंड रामनगर की ग्राम पंचायत राजपुर से मनरेगा योजना में कथित भ्रष्टाचार का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सरकारी योजनाओं की निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है। गरीबों के लिए रोजगार की संजीवनी कही जाने वाली मनरेगा योजना में अगर भ्रष्टाचार की चाशनी घोल दी जाए तो फिर गरीब मजदूरों के हिस्से की रोटी किसी और की तिजोरी तक पहुंचने में देर नहीं लगती। आरोपों के घेरे में ग्राम प्रधान ज्योति कुमारी हैं, जिन पर बीरपुर लच्छी, बीरपुर तारा और राजपुर के ग्रामीणों ने मनरेगा के नाम पर सरकारी धनराशि में कथित गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत मजदूरों के नाम पर दर्ज काम और उनके नाम से होने वाले भुगतान की वास्तविकता संदिग्ध है। जिस मजदूरी से किसी गरीब मां को अपने बच्चों का पेट भरना था, किसी पिता को घर का राशन खरीदना था और किसी परिवार को दो वक्त की रोटी नसीब होनी थी, उसी रकम के कथित बंदरबांट के आरोपों ने ग्रामीणों के जख्म कुरेद दिए हैं। सवाल यह है कि गरीबों के नाम पर सरकारी खजाने से निकलने वाली रकम आखिर गरीबों तक पहुंची या फिर कागजों में रोजगार और खातों में भुगतान का ऐसा मायाजाल बुना गया, जिसमें मजदूर अपने ही हक से बेदखल हो गए?
भ्रष्टाचार के इन आरोपों ने तीन गांवों में ऐसा आक्रोश पैदा किया है कि ग्रामीण अब चुप बैठने को तैयार नहीं हैं। बीरपुर लच्छी, बीरपुर तारा और राजपुर के ग्रामीणों ने एकजुट होकर विकासखंड रामनगर के कार्यालय पहुंचकर सरकारी धन का हिसाब मांगा है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान ज्योति कुमारी पर सवाल उठाते हुए मनरेगा के कामकाज और भुगतान की पूरी व्यवस्था की जांच की मांग की है। अब इस कथित खेल की परतें खोलने के लिए कुछ ऐसे सवाल हैं, जिनसे जिम्मेदार लोग मुंह नहीं मोड़ सकते। जिन मजदूरों के नाम पर मस्टर रोल में हाजिरी चढ़ाई गई, क्या वे वास्तव में काम पर पहुंचे थे? जिनके नाम पर मजदूरी निकाली गई, क्या उस रकम का लाभ उन्हीं के बैंक खातों तक पहुंचा? कहीं कागजों में मजदूरों की फौज खड़ी करके भुगतान का रास्ता तो नहीं बनाया गया? स्वीकृत कार्यों के नाम पर सरकारी धनराशि निकली तो धरातल पर उन कार्यों की तस्वीर क्या है? आखिर किसकी निगरानी में यह सब हुआ और यदि अनियमितताएं थीं तो विकासखंड के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर उन पर क्यों नहीं पड़ी? गरीबों के नाम पर सरकारी धन का हिसाब रखने वाली व्यवस्था अगर उन्हीं गरीबों को अपने हक के लिए दफ्तरों के चक्कर कटवाने लगे तो यह निगरानी व्यवस्था की नाकामी नहीं तो और क्या है? ग्रामीणों ने मांग की है कि तीनों गांवों में पिछले वर्षों के मनरेगा कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराया जाए और मस्टर रोल, जॉब कार्ड, ऑनलाइन हाजिरी, बैंक खातों में हुए भुगतान तथा सोशल ऑडिट के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जाए, ताकि कागजों में दर्ज रोजगार और जमीन पर हुए काम के बीच का सच सामने आ सके।
अब असली परीक्षा ग्राम प्रधान के साथ-साथ विकासखंड के उन जिम्मेदार अधिकारियों की भी है, जिनके कंधों पर सरकारी योजनाओं की निगरानी और गरीबों के हक की हिफाजत की जिम्मेदारी है। सवाल तीखा है कि क्या सरकारी फाइलों में दर्ज आंकड़ों को ही विकास मान लिया गया है या कभी उन गरीब परिवारों के घर जाकर भी देखा जाएगा, जिनके नाम पर मनरेगा का पैसा जारी होने का दावा किया जा रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारी मस्टर रोल से लेकर बैंक खातों तक भुगतान की पूरी कड़ी खंगालने का साहस दिखाएंगे या फिर जांच के नाम पर कागजों की खानापूर्ति करके मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? आखिर गरीब मजदूरों के पसीने की कीमत किसी की कथित कमाई का जरिया कैसे बन सकती है? मनरेगा किसी ग्राम प्रधान की जागीर नहीं और न ही सरकारी खजाना किसी की निजी तिजोरी है। यह उस मजदूर का हक है, जिसके घर में कई बार चूल्हा तभी जलता है जब दिनभर की मेहनत की मजदूरी हाथ आती है। ऐसे में यदि जांच में फर्जी हाजिरी, गलत खातों में भुगतान या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो केवल कागजी जवाबदेही नहीं, बल्कि दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई और धनराशि की रिकवरी भी होनी चाहिए। तीन गांवों के ग्रामीणों ने अपने हक की आवाज बुलंद कर दी है, अब देखना यह है कि प्रशासन गरीबों की इस पुकार को सुनता है या फिर भ्रष्टाचार के आरोपों की फाइलों पर धूल जमने का इंतजार करता है। क्योंकि गरीब की थाली से निवाला छीनने का आरोप कोई मामूली शिकायत नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के मुंह पर बड़ा सवाल है, जो गरीबों के नाम पर योजनाएं तो बनाती है, लेकिन उनके हक की हिफाजत करने में नाकाम नजर आती है।