जंगल में वन्यजीव तस्करों का नेटवर्क या वन विभाग की निगरानी का जनाजा? ढेला रेंज कि बेलघाट्टी में रात की संदिग्ध चहल कदमी कोई रहस्य ? या कोई बड़ी साजिस ?

Advertisements

जंगल में वन्यजीव तस्करों का नेटवर्क या वन विभाग की निगरानी का जनाजा? ढेला रेंज कि बेलघाट्टी में रात की संदिग्ध चहल कदमी कोई रहस्य ? या कोई बड़ी साजिस ?

                    सलीम अहमद साहिल

 

Advertisements

 

वन गुर्जर समुदाय की पहचान परंपरागत रूप से पशुपालन, दूध उत्पादन और जंगलों के साथ पीढ़ियों से चले आ रहे जीवन से जुड़ी रही है। जंगलों में रहने वाले इस समुदाय के अधिकांश परिवार आज भी पशुपालन के सहारे बड़ी जद्दो जेहद के बाद बड़ी मुश्किल से दो वक्त कि रोटी जोड़कर गुजर-बसर करते हैं, लेकिन इसी समुदाय के कुछ लोगों पर वन्यजीवों के शिकार और उनके अंगों की तस्करी में शामिल होने के गंभीर आरोप सामने आते रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर जंगलों की भौगोलिक स्थिति, वन्यजीवों की आवाजाही और दुर्गम रास्तों की जानकारी का इस्तेमाल संरक्षण के बजाय वन्यजीवों की हत्या और अवैध कमाई के लिए कैसे होने लगा? एक तरफ ऐसे परिवार हैं जिनके पास सैकड़ों पशु होने के बावजूद दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल है, वहीं दूसरी तरफ कुछ संदिग्ध लोगों की जीवनशैली, ट्रेक्टर, बुलोरो, स्कार्पियो, थार जैसी लग्जरी महंगी गाड़ियाँ, जमीने और आलीशान मकानों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इन संपत्तियों और कथित तस्करी के बीच संबंध की पुष्टि जांच से ही हो सकती है, लेकिन वन विभाग के लिए यह पड़ताल का गंभीर विषय जरूर है। सरकारी रिपोर्टों के अनुसार, वर्ष 2022 से 2024 के बीच उत्तराखंड में वन्यजीव तस्करी और अवैध शिकार के मामलों में 31 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई—वर्ष 2022 में चार, 2023 में दस और 2024 में 17। इसके बाद भी वर्ष 2025 और 2026 में एसटीएफ तथा वन विभाग की कार्रवाइयों में कई गिरफ्तारियां सामने आईं। मई 2026 में श्यामपुर रेंज की सज्जनपुर बीट में दो बाघों को कथित तौर पर जहर देकर मारने और उनके पंजे काटने के मामले में मोहम्मद आलम उर्फ अम्मी, आशिक, जुप्पी और यूसुफ गिरफ्तार किए गए, जबकि मुख्य आरोपी बताए गए अमीर हमजा उर्फ मियां को भी बाद में रिमांड पर लेकर जांच की गई। सितंबर 2025 में उत्तर प्रदेश के बिजनौर डिवीजन की अमानगढ़ रेंज में बाघ के अंगों की तस्करी के मामले में असलम, शमशेर, शराफत, रुस्तम और अशरफ की गिरफ्तारी हुई। मई 2024 में इसी रेंज में चीतल के सींग और शिकार में इस्तेमाल होने वाले सामान के साथ सात आरोपियों को पकड़ा गया, जिनमें फुरकान, फुरसत, यासीन और याकूब सहित सात आरोपी गिरफ्तार हुए। नवंबर 2025 में उत्तराखंड एसटीएफ ने हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से गुलाम हसन को 2.4 किलोग्राम हाथीदांत के साथ गिरफ्तार किया। वहीं नवंबर 2026 में लालढांग रेंज के भंडार गृह से पांच हाथीदांत, जिनका कुल वजन लगभग 35.41 किलोग्राम बताया गया, चोरी होने के मामले में गैण्डीखाता निवासी गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई। लगातार सामने आ रहे ये मामले केवल कुछ गिरफ्तारियों का ब्योरा नहीं हैं, बल्कि जंगलों के भीतर सक्रिय संभावित नेटवर्क, उसके संपर्कों और उसकी कार्यप्रणाली की गहराई से जांच करने की जरूरत की ओर इशारा करते हैं।

 

सबसे गंभीर चिंता अब उत्तराखंड के जंगलों में दूसरे क्षेत्रों से संदिग्ध लोगों की बढ़ती आवाजाही को लेकर उठ रही है। बिजनौर डिवीजन की अमानगढ़ रेंज से जुड़े कुछ कथित वन्यजीव तस्करों के उत्तराखंड के जंगलों में आने-जाने की सूचनाएं सामने आ रही हैं। खास तौर पर रामनगर वन प्रभाग की ढेला रेंज में स्थित बेलघाट्टी खत्ता सवालों के घेरे में है, जहां बाहरी लोगों के अपने रिश्तेदारों से मिलने और कार्यक्रमों में शामिल होने के बहाने पहुंचने तथा रात बिताने मामले सामने आये हैं। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, बीती 23 नवंबर की रात अमानगढ़ क्षेत्र से जुड़े कुछ लोग बेलघाट्टी खत्ते में रुके थे और इसके लिए कार्यक्रम में शामिल होने की बात बताई गई। यदि यह सूचना सही है तो वन विभाग को तत्काल यह स्पष्ट करना चाहिए कि रात के समय संवेदनशील वन क्षेत्र में बाहर से आए लोग कौन थे, किस उद्देश्य से पहुंचे थे, उनके आने-जाने की अनुमति और जानकारी किसके पास थी तथा उनकी गतिविधियों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया? जिस जंगल में दिन के उजाले में भी वन्यजीवों की मौजूदगी और दुर्गम रास्तों के कारण आम आदमी कदम रखने से पहले सोचता है, वहां रात के सन्नाटे में बाहरी लोगों की आवाजाही को महज रिश्तेदारी और कार्यक्रम का मामला मानकर नजरअंदाज कैसे किया जा सकता है? ढेला रेंज में रहने वाले कुछ लोगों और निचले स्तर के वन कर्मचारियों के बीच कथित करीबी तालमेल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि रात में होने वाली गतिविधियों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंच रही है, तो यह सूचना तंत्र की नाकामी है या निगरानी व्यवस्था में कोई ऐसी खामी है जिसका फायदा संदिग्ध लोग उठा रहे हैं? इन आरोपों की स्वतंत्र जांच जरूरी है, लेकिन विभाग की जिम्मेदारी है कि वह केवल सूचना मिलने के बाद औपचारिकता पूरी न करे, बल्कि यह भी पता लगाए कि संवेदनशील वन क्षेत्रों में कौन आ रहा है, किससे मिल रहा है और कितनी देर ठहर रहा है।

 

अब सवाल सीधे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर है। एक के बाद एक बाघों के शिकार, हाथीदांत की तस्करी, चीतल के शिकार और वन्यजीवों के अंगों की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले सामने आने के बाद भी क्या विभाग ने कभी इन घटनाओं के पीछे सक्रिय संपर्कों, मददगारों और संभावित नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की गंभीर कोशिश की? कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेज देना कार्रवाई का अंत नहीं हो सकता। असली चुनौती उन लोगों तक पहुंचना है जो पर्दे के पीछे रहकर कथित नेटवर्क को मदद पहुंचाते हैं, जंगलों की जानकारी साझा करते हैं और एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र तक संपर्क बनाए रखते हैं। जिन आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव अपराधों के मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं, उनकी गतिविधियों और संवेदनशील वन क्षेत्रों में आवाजाही को लेकर कानून के दायरे में सतर्कता बरतना भी विभाग की जिम्मेदारी है। कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटी ढेला रेंज कोई सामान्य इलाका नहीं, बल्कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में यहां रात के समय बाहरी लोगों की संदिग्ध आवाजाही की सूचना को हल्के में लेना जंगल की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही साबित हो सकता है। वन विभाग अक्सर गश्त, निगरानी, चौकसी और वन्यजीव संरक्षण के दावों को अपनी उपलब्धि के रूप में गिनाता है, लेकिन यदि इन्हीं जंगलों के भीतर कथित तस्करी नेटवर्क अपने संपर्क और आवाजाही बढ़ा रहे हैं, तो ये दावे जमीन पर कितने प्रभावी हैं? लगातार उजागर हो रहे मामले विभाग की निगरानी व्यवस्था के सामने एक असहज सवाल खड़ा करते हैं—आखिर जंगल के भीतर यह नेटवर्क इतना बेखौफ कैसे होता जा रहा है? क्या वन विभाग किसी बड़ी वारदात, किसी और बाघ की मौत या वन्यजीवों के अंगों की अगली खेप पकड़े जाने का इंतजार कर रहा है? अब जरूरत केवल गश्त के दावों की नहीं, बल्कि बेलघाट्टी खत्ते में 23 नवंबर की रात रुके लोगों की पहचान, उनके उद्देश्य, उनके संपर्कों और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की है। वरना जंगलों की सुरक्षा के नाम पर होने वाली चौकसी के दावे खोखले साबित होंगे और वन्यजीव तस्करों के हौसले वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर करारा तमाचा मारते रहेंगे।

 

 

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Translate »