द ग्रेट न्यूज़ की खबर का बड़ा असर। संदिग्ध आवाजाही पर कॉर्बेट, ढेला रेंज और अमानगढ़ रेंज की संयुक्त दस्तक, जंगलों में सघन निगरानी शुरू। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर।

Advertisements

द ग्रेट न्यूज़ की खबर का बड़ा असर। संदिग्ध आवाजाही पर कॉर्बेट, ढेला रेंज और अमानगढ़ रेंज की संयुक्त दस्तक, जंगलों में सघन निगरानी शुरू। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर।

                       सलीम अहमद साहिल

 

Advertisements

रामनगर के जंगलों में वन्यजीव तस्करी के संभावित नेटवर्क और संवेदनशील वन क्षेत्रों में संदिग्ध आवाजाही को लेकर द ग्रेट न्यूज़ की 25 नवंबर को प्रकाशित खोजी खबर के बाद वन विभाग की सक्रियता अब जमीन पर दिखाई देने लगी है। खबर में रामनगर वन प्रभाग कि ढेला रेंज कि बेलघाट्टी खत्ते में बाहरी लोगों की कथित संदिग्ध आवाजाही, वन गुर्जर बस्तियों में पहुंचने वाले लोगों के संपर्कों और वन्यजीव तस्करी के संभावित नेटवर्क पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। खबर का असर यह रहा कि 28 नवंबर को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के सीमावर्ती वन क्षेत्रों में वन विभाग की विभिन्न टीमों ने संयुक्त फ्लैग मार्च कर सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर डॉ. साकेत बडोला और उपनिदेशक पंडित शिरीन संजय के निर्देशन में उप प्रभागीय वनाधिकारी कालागढ़ बिंदरपाल के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान की शुरुआत ढेला रेंज स्थित वन विश्राम भवन से हुई। गश्ती दल ने कालागढ़ उपप्रभाग की दक्षिणी सीमा से लगे गुर्जर डेरों, पत्थरकुआं, झल्लूमोड़, पतरामपुर, केहरीपुर, हाजीरों बगीची, बांगीगढ़ मलौनी, मीरापुर और भिक्कावाला सहित कई संवेदनशील आबादी एवं वन क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों के संबंध में पूछताछ करते हुए सघन निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया फ्लैग मार्च के दौरान गस्ती दल ने संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष सतर्कता बढ़ाते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से जनसंपर्क स्थापित कर उन्हें वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ग्रामीणो से अपील की गई कि वन क्षेत्र अथवा उनके आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति और अवैध गतिविधियों वन्यजीवों के शिकार या वन संपदा को नुकसान पहुंचाने से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें। कॉबेट नेशनल पार्क, वन प्रभाग रामनगर, और अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के सीमावर्ती जंगलों में भी संयुक्त निगरानी की गई। जाहिर है कि जंगलों की सुरक्षा को लेकर विभाग ने अब सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी और निगरानी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम उठाया है।

लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का सबसे संवेदनशील पहलू वन गुर्जर बस्तियों से जुड़ा है। वन गुर्जर समुदाय की पहचान पीढ़ियों से पशुपालन, दूध उत्पादन और जंगलों के साथ जुड़े पारंपरिक जीवन से रही है। इस समुदाय के अधिकांश परिवार आज भी कठिन परिस्थितियों में पशुपालन के सहारे अपना जीवनयापन करते हैं। ऐसे में पूरे समुदाय को संदेह के दायरे में रखना तो उचित नहीं है और न ही न्यायसंगत, लेकिन इसी पारंपरिक जंगल की जानकारी और भौगोलिक समझ का इस्तेमाल यदि कुछ संदिग्ध वन गुर्जर वन्यजीवों के शिकार और तस्करी के लिए कर रहे हैं, तो यह वन विभाग के लिए बेहद गंभीर चुनौती है। आमतौर पर बाहरी तस्करों को शिकार के लिए जंगल में प्रवेश करना पड़ता है, लेकिन जंगलों के भीतर रहने वाले कुछ वन गुर्जरो कि यदि ऐसी गतिविधियों में संलिप्तता सामने आती है तो उसके संपर्कों, आवाजाही और गतिविधियों पर नजर रखना कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यही वह कमजोर कड़ी है जिसका फायदा संभावित तस्करी नेटवर्क उठा सकता है। इसलिए अब केवल फ्लैग मार्च और औपचारिक पूछताछ तक सीमित रहने से काम नहीं चलेगा। वन विभाग को कानून के दायरे में रहते हुए संवेदनशील बस्तियों में बाहरी लोगों की आवाजाही का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करना चाहिए। कौन व्यक्ति किससे मिलने आया, किस उद्देश्य से पहुंचा, कितनी देर रुका और उसके आने-जाने के दौरान जंगल के किन रास्तों पर गतिविधियां हुईं, इन सभी पहलुओं का सत्यापन जरूरी है। संदिग्ध परिस्थितियों में आने वाले लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल भी की जानी चाहिए। क्योंकि यदि जंगल के भीतर किसी वन्यजीव का शिकार होता है या लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी की घटना सामने आती है, तो जांच केवल घटनास्थल तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन सभी संभावित संपर्कों और आवाजाही की कड़ियों को भी खंगालना होगा जो इस अपराध से जुड़ी हो सकती हैं।

कॉर्बेट और अमानगढ़ तथा ढेला रेंज की टीमों का संयुक्त फ्लैग मार्च निश्चित रूप से एक सकारात्मक और जरूरी कदम है, लेकिन सवाल यह है कि क्या इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करों के मन में पैदा हुआ खौफ बरकरार रह पाएगा? क्या 28 नवंबर को हुई गश्त के बाद भी बेलघाट्टी और आसपास की अन्य संवेदनशील बस्तियों में निगरानी का यही सिलसिला जारी रहेगा या कुछ दिनों बाद सब कुछ फिर पुराने ढर्रे पर लौट जाएगा? द ग्रेट न्यूज़ ने अपनी पिछली रिपोर्ट में जिन सवालों को उठाया था, उनमें सबसे अहम सवाल आज भी कायम है कि 23 नवंबर की रात बेलघाट्टी खत्ते में ठहरे बाहरी लोगों की वास्तविक पहचान, उनके आने का उद्देश्य और उनके संपर्कों की जांच कहां तक पहुंची? क्या विभाग ने इस सूचना का स्वतंत्र सत्यापन किया है? क्या सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय संभावित नेटवर्क की पहचान के लिए कोई ठोस निगरानी तंत्र तैयार किया जा रहा है? वन विभाग को समझना होगा कि जंगलों की सुरक्षा केवल वर्दीधारी कर्मचारियों की गश्त से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि खुफिया सूचनाओं, सतत निगरानी, अंतर-क्षेत्रीय समन्वय और संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई से होती है। एक फ्लैग मार्च तस्करों को चेतावनी जरूर दे सकता है, लेकिन नेटवर्क की कमर तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई करनी होगी। अब देखना यह है कि वन विभाग इस अभियान को एक दिन की औपचारिक कार्रवाई बनाकर छोड़ देता है या फिर जंगलों के भीतर सक्रिय संभावित अपराधियों, उनके मददगारों और संपर्क सूत्रों तक पहुंचकर वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कोई निर्णायक नजीर पेश करता है। या नहीं ये तो आने वाला वक्त बताएगा लेकिन द, ग्रेट न्यूज़ ऐसी खोजी खबरों के आधार पर समय समय पर अपनी रिपोर्ट प्रकाशित कर अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।

संयुक्त फ्लैग मार्च में शामिल अधिकारी व कर्मचारीयों के नाम वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन जोशी (ढेला रेंज), नंदकिशोर रुवाली (कालागढ़ रेंज), श्यामलाल (अमानगढ़ रेंज), वन दरोगा विनोद बिष्ट (ढेला रेंज), तरुण कुमार (झिरना रेंज), सोहन सिंह पटवाल (कालागढ़ रेंज), संतोष डांगी (एसओजी), वन आरक्षी रितेश कंडवाल (कालागढ़ रेंज) एवं संतोष बिष्ट (एसओजी) सहित संबंधित रेंजों के अन्य वन अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

 

Advertisements
THE GREAT NEWS

THE GREAT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Translate »