युवाओं की जिंदगी से खेल रहे नशे के सौदागर पर रामनगर पुलिस का शिकंजा, 9.334 किलो गांजा बरामद।
सलीम अहमद साहिल
नशा समाज का वह कैंसर है, जो धीरे-धीरे पूरे परिवार को खोखला कर देता है। एक व्यक्ति की लत, पूरे घर की खुशियां निगल जाती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि आज की युवा पीढ़ी इसकी चपेट में तेजी से आ रही है—वही युवा, जिनके कंधों पर राज्य और देश का भविष्य टिका है। उनकी ऊर्जा और सपनों को नशे की गर्त में धकेलकर तस्कर अपनी जेबें भर रहे हैं। लेकिन वे शायद यह भूल जाते हैं कि अपराध का रास्ता भले आसान दिखे, उसका अंजाम अक्सर जेल की सलाखों के पीछे ही होता है।
रामनगर पुलिस की पैनी नजरों से बच पाना आसान नहीं। नशे का कारोबार कर मोटी कमाई के इरादे से निकले तस्कर यह अंदाजा नहीं लगा पाए कि उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। जैसे ही ये सौदागर अपने गुप्त ठिकानों से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठी रामनगर पुलिस ने उन्हें शिकंजे में कस लिया।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चलाए जा रहे “Drug Free Devbhoomi” अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजू नाथ टी.सी. के आदेशों के अनुपालन में, अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के निर्देशन तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डेय के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने उजाला मैरिज हॉल, ट्रक यूनियन के बराबर स्थित खाली पड़े प्लाट के पास से अभियुक्त कादिर पुत्र सरदार खाँ, निवासी गूलरघट्टी, रामनगर, जिला नैनीताल, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से कुल 9.334 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना रामनगर में FIR संख्या 136/2026, धारा 8/20 NDPS Act के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
रामनगर पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा, और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम
उ0नि0 सोमेन्द्र सिंह
कानि0 महबूब आलम
का0 गगन भण्डारी



