विश्व रक्तदान दिवस पर 300 बेड अस्पताल में लगा रक्तदान शिविर, 52 यूनिट रक्त हुआ संग्रहित, सांसद छत्रपाल गंगवार रहे मुख्य अतिथि, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रविवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक द्वारा 300 बेड अस्पताल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। रक्तदान अभियान के दौरान कुल 52 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार रहे। इस अवसर पर आंवला सांसद नीरज मौर्य, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, संजीव अग्रवाल, एसपी सिटी मानुष पारीक, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, जिला अस्पताल के एडीएसआईसी डॉ. आर.सी. दीक्षित सहित अनेक प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमित कुमार दिनकर ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी को पड़ सकती है, इसलिए स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
वहीं शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखने को मिला और लोगों ने मानव सेवा के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। आयोजन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना रहा।



