अवैध कब्जे की शिकायत पर पुलिस ने पीड़ित से कहा, तू थाने आ तुझे पीटकर जेल भेजते हैं, अब पीड़ित ने मुख्यमंत्री से की शिकायत,
यामीन विकट
ठाकुरद्वारा : रजिस्टर्ड बैनामे द्वारा खरीदी गई भूमि पर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से धान की फसल को दबंगो द्वारा जोतकर नष्ट कर दिया गया है। घटना की शिकायत करने पर कोतवाली पुलिस ने उल्टे पीड़ित को हड़का कर उसे जेल भेज दिए जाने की धमकी दी, पीड़ित द्वारा इस घटना की शिकायत मुख्यमंत्री सहित आला अधिकारियों से की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामुवाला शेखू निवासी अजय कुमार पुत्र धन सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री सहित कई अन्य अधिकारियों को ट्वीट कर शिकायत की है कि उसकी पत्नी मंजू देवी ने गाटा संख्या29 में साढ़े चार बीघा जमीन रजिस्टर्ड बैनामे द्वारा खरीदी थी और तभी से वह उस जमीन पर काबिज है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग उक्त भूमि पर अवैध कब्जा करने के प्रयास में लगे हुए हैं। 6 जुलाई को उसकी पत्नी ने उक्त भूमि में धान की रोपाई कराई थी लेकिन उक्त दबंगो ने अपनी बदमाशी के बल पर उसकी फसल को ट्रैक्टर से नष्ट कर दिया और जब इस बात का उसकी पत्नी द्वारा विरोध किया गया तो दबंगो ने उसके साथ मारपीट व अश्लील हरकतें करते हुए जाति सूचक शब्द भी कहे।
पीड़ित का कहना है कि 6 जुलाई को ही थाना दिवस में पुलिस क्षेत्राधिकारी व कोतवाली प्रभारी की मौजूदगी में घटना की शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने उसकी पत्नी का मेडिकल नही कराया न ही उसकी रिपोर्ट दर्ज की। शिकायत में कहा गया है कि 7 जुलाई को उसकी पत्नी का फोन आया कि दबंग उक्त भूमि पर कब्जा करने के लिए उसमे पौध लगा रहे हैं तब उसने पुलिस को फोन किया जिसपर पुलिस ने उसे धमकी देते हुए कहा कि तू थाने आ तुझे पीटकर जेल भेजते हैं। पीड़ित का कहना है कि वह अनुसूचित जाति का है और पुलिस ने दबंगो के साथ सांठगांठ कर रखी है इसलिए पुलिस उसकी रिपोर्ट दर्ज नही कर रही है। मुख्यमंत्री व उच्चाधिकारियों को भेजी गई शिकायत के साथ पुलिस की धमकी की रिकार्डिंग भी भेजी गई है।