संक्रामक बीमारियों पर वार की तैयारी पूरी, 1 अप्रैल से जिले में उतरेगा पूरा सिस्टम, प्रशिक्षण खत्म, अब हर ब्लॉक-गांव में अभियान की सीधी मॉनिटरिंग, काम का देना होगा हिसाब
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : जिले में बढ़ते मच्छरजनित और संक्रामक रोगों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान का खाका तैयार हो चुका है और सभी संबंधित विभागों का प्रशिक्षण भी पूरा कर लिया गया है।
कल यानी 1 अप्रैल से चौपुला स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से अभियान की शुरुआत होगी, जिसके बाद जिले के सभी ब्लॉकों और प्रभावित गांवों में एक साथ गतिविधियां संचालित होंगी। अभियान में पंचायत राज, नगर निगम, नगर निकाय, शिक्षा विभाग, पशुपालन, कृषि, आईसीडीएस और सूचना विभाग समेत कई इकाइयों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हर विभाग को माइक्रो प्लान के तहत काम करना होगा और उसकी रिपोर्ट भी देनी होगी।
इस बार अभियान की खास बात यह रहेगी कि सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं चलेगी। ब्लॉक स्तर पर रिपोर्ट के साथ-साथ क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों से स्वीकृति पत्र भी लिया जाएगा, ताकि जमीन पर काम की पुष्टि हो सके।
आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सर्वे करेंगी, संदिग्ध मरीजों का डेटा ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। गांवों और मोहल्लों में साफ-सफाई, नालों की सफाई और दवा छिड़काव पर विशेष जोर रहेगा। स्कूलों में जागरूकता रैलियां भी निकाली जाएंगी ताकि लोगों को बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके। प्रशासन का फोकस इस बार साफ है कि संक्रामक बीमारियों पर सिर्फ दावा नहीं, जमीन पर असर दिखना चाहिए।



