एसएसपी अजय गणपति ने सड़क पर उतारा संवेदनशीलता का कवच, चालान के बजाय हेलमेट थमाकर बचाई जिंदगियां
अज़हर मलिक
एक पल की छोटी सी लापरवाही और घर की खुशियां कैसे मातम में बदल जाती हैं, इसका दर्द वही परिवार समझता है जिसने सड़क हादसे में अपनों को खोया है। रफ्तार के इस दौर में जब भी कोई बिना हेलमेट दोपहिया वाहन लेकर घर से निकलता है, तो मानो वह अपनी सांसों को दांव पर लगा देता है। लेकिन रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर आज जो नजारा दिखा, उसने यह साबित कर दिया कि खाकी केवल कानून और चालान की सख्ती का नाम नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों की सांसें बचाने वाली ढाल भी बन सकती है। जिला पुलिस मुखिया एसएसपी अजय गणपति ने खुद सड़क पर उतरकर एक ऐसी इंसानियत की जोत जलाई है, जो हर वाहन चालक के दिल को झकझोर रही है।
जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली असमय जनहानि को रोकने के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाया गया यह जागरूकता अभियान काबिले-तारीफ है। आमतौर पर सड़कों पर चालान की रसीद देखकर सहम जाने वाले वाहन चालकों के चेहरों पर उस वक्त हैरानी और सम्मान दोनों नजर आए, जब एसएसपी अजय गणपति ने चालान काटने के बजाय उन्हें अपने हाथों से हेलमेट भेंट किया। उन्होंने बेहद आत्मीयता और गंभीरता के साथ समझाया कि हेलमेट कोई दिखावा या पुलिस से बचने का बहाना नहीं है, बल्कि यह सिर पर रखा वह सुरक्षा कवच है जो किसी भी अनहोनी में परिवार का सहारा बचाए रखता है। उन्होंने साफ शब्दों में अपील की कि सफर के दौरान केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाली सवारी भी हेलमेट जरूर पहने, क्योंकि घर में हर किसी का इंतजार होता है।
अभियान के दौरान एसएसपी अजय गणपति के इस मानवीय कदम ने पुलिस और आमजन के बीच भरोसे की एक नई लकीर खींच दी है। उन्होंने मौके पर मौजूद वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, तेज रफ्तार से बचने और हर सफर में हेलमेट लगाने का संकल्प दिलाया। अपने फर्ज को निभाते हुए जिस संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का परिचय एसएसपी अजय गणपति ने दिया है, वह पूरे जनपद के लिए प्रेरणा बन गई है। इस सराहनीय पहल के दौरान एसपी रुद्रपुर प्रमोद कुमार, एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक अनुषा बड़ोला, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर और यातायात निरीक्षक सहित पुलिस टीम व स्थानीय लोग मौजूद रहे, लेकिन हर जुबान पर बस एक ही बात थी—जब खाकी संवेदनशील हो जाए, तो हर सड़क सुरक्षित हो सकती है।