Uttarakhand Weather Alert: चारधाम यात्रा पर जाने से पहले मौसम का हाल जरूर जान लें, दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून: अगर आप चारधाम यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक मौसम बदलने की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए यात्रा की योजना पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ बनानी चाहिए।
यात्रियों से क्या अपील की गई?
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि 12 और 13 मई के दौरान यदि संभव हो तो यात्रा को टाल दें और मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करें। यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी होगा।
मौसम विभाग के अनुसार गढ़वाल और कुमाऊं के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इससे सड़क मार्ग प्रभावित हो सकते हैं और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
सरकार ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राज्य सरकार ने कहा है कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत और बचाव टीमों के साथ-साथ स्वास्थ्य, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को भी पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चारधाम यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन की हेल्पलाइन का उपयोग करें।



