जंगल ही घर, मवेशी ही रोजी-रोटी, जंगल की दहशत और जिंदगी की मजबूरी। मवेशी चराने निकले वन गुर्जर के बेटे को बाघ ने बनाया निवाला, मां की आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया।
सलीम अहमद साहिल
कॉर्बेट के जंगलों से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाँटो इको टूरिस्ट जोन में बाघ के हमले ने एक बार फिर जंगलों के बीच जिंदगी गुजार रहे वन गुर्जर परिवारों के सामने खौफनाक हकीकत खड़ी कर दी है। मवेशियों को चराने निकला 22 वर्षीय दिलशाद अब कभी घर वापस नहीं लौटेगा। मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से मवेशी चराने निकले दिलशाद पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाघ उसे जबड़ों में दबोचकर जंगल के भीतर घसीट ले गया। मां की आंखों के सामने बेटे को मौत के मुंह में जाते देख परिवार की चीख-पुकार से जंगल गूंज उठा। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दिलशाद का शव जंगल से बरामद हुआ। जिस परिवार के लिए मवेशी रोजी-रोटी का सहारा हैं, उसी पशुधन को चराने की मजबूरी ने आज एक मां की गोद सूनी कर दी और पूरे परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया।

दरअसल, जंगलों के बीच और उनसे सटे खत्तों में रहने वाले वन गुर्जर परिवारों की जिंदगी जंगल और मवेशियों के इर्द-गिर्द ही गुजरती है। उनके लिए जंगल केवल रहने का ठिकाना नहीं, बल्कि रोजी-रोटी और जीवनयापन का आधार भी है। मवेशियों को चराने के लिए जंगल के आसपास जाना उनकी पसंद नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही जीवनशैली और आजीविका की मजबूरी है। लेकिन इसी जंगल में हर कदम पर वन्यजीवों का खतरा भी मौजूद है। फाँटो रेंज के उत्तरी फाँटो बीट स्थित कक्ष संख्या 43 में हुई दिलशाद की मौत ने इस खतरे को एक बार फिर बेपर्दा कर दिया है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जबकि डीएफओ पुनीत तोमर ने परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की बात कही है। लेकिन हम और आप उस माँ के दर्द को शायद नहीं समझ सकते जिसने अपनी आंखों के सामने जवान बेटे को खो दिया? क्या जंगल में रहने वाले इन परिवारों को ऐसी सुरक्षा मिल पाएगी, जिससे वे अपनी आजीविका भी चला सकें और हर दिन मौत के साये में जीने को मजबूर भी न हों?


यह घटना वन विभाग के सामने खड़ी दोहरी चुनौती को भी उजागर करती है। एक तरफ जंगलों में बाघ और दूसरे वन्यजीवों का संरक्षण करना विभाग की जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ जंगलों के बीच बसे वन गुर्जर परिवारों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और उनके संरक्षण से समझौता किए बिना इंसानी बस्तियों तथा मवेशियों की आवाजाही वाले संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, समय रहते चेतावनी, जागरूकता और विभागीय निगरानी जैसे इंतजाम कितने जरूरी हैं, दिलशाद की मौत इसका गंभीर उदाहरण है। आखिर वन गुर्जर परिवार कब तक अपनी रोजी-रोटी की तलाश में जंगल के खतरों से जूझते रहेंगे? और आखिर सरकार और वन विभाग मिलकर कब ऐसी व्यवस्था खड़ी कर पाएगा, जिसमें बाघ भी सुरक्षित रहें और जंगल के बीच रहने वाले इंसानों की जिंदगी भी महफूज हो? दिलशाद की मौत सिर्फ एक परिवार का मातम नहीं, बल्कि जंगल और इंसान के बीच वन्यजीव संघर्ष का वो काला अध्याय है जो दिलशाद जैसे अनेको परिवारो कि ज़िन्दगी मे अंधेरा कर चूका है।
