Prateek Yadav Death: स्कूल की दोस्ती, 10 साल रिलेशन फिर शादी… ऐसी थी अपर्णा-प्रतीक की लव स्टोरी
Prateek Yadav के अचानक निधन की खबर ने राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ा दी है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक Mulayam Singh Yadav के छोटे बेटे और Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव का 38 वर्ष की आयु में लखनऊ में निधन हो गया। बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। राजनीति से दूरी बनाए रखने के बावजूद उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। वहीं उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा से जुड़ी हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। अपर्णा मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं और उनके पिता अरविंद सिंह वरिष्ठ पत्रकार रहे हैं।
स्कूल में हुई दोस्ती, प्यार तक पहुंची बात
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी काफी चर्चित रही। दोनों की पहली मुलाकात साल 2001 में हाईस्कूल के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती गहरी होती गई और दोनों लंबे समय तक रिश्ते में रहे। खुद प्रतीक यादव ने एक इंटरव्यू में बताया था कि शादी से पहले दोनों करीब 10 साल तक रिलेशनशिप में थे।
2011 में हुई थी भव्य शादी
करीब एक दशक तक रिश्ते में रहने के बाद 4 दिसंबर 2011 को दोनों ने प्रेम विवाह किया। शादी मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में बेहद भव्य समारोह के साथ संपन्न हुई थी। इस शादी में राजनीति और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। शादी के बाद अपर्णा यादव ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और मैनचेस्टर से इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की।
रिश्ते में आई थी दरार
लंबे वैवाहिक जीवन के दौरान इस साल दोनों के रिश्ते में खटास की खबरें भी सामने आई थीं। सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में दोनों के तलाक की अटकलें तक लगाई गईं। हालांकि बाद में प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट साझा कर इन खबरों को खारिज कर दिया था और अपने रिश्ते को मजबूत बताया था।
कुछ समय से थे बीमार
सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें कुछ दिन पहले Medanta अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सपा प्रमुख Akhilesh Yadav ने उनसे मुलाकात कर हालचाल जाना था। तबीयत में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी, लेकिन बुधवार सुबह अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रतीक यादव अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार, समर्थकों और राजनीतिक जगत में गहरा दुख है।



