उत्तराखंड में यादव महासभा की नई हुंकार: सतिंदर सिंह यादव बने ऊधम सिंह नगर के युवा जिला अध्यक्ष, समाज को एकजुट करने का लिया संकल्प!
अज़हर मलिक
ऊधम सिंह नगर। समाज सेवा के क्षेत्र में समर्पण और युवाओं को नई दिशा देने की मुहिम को धार देते हुए ‘श्री कृष्णा यादव महासभा’ ने एक बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसला लिया है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने युवा ऊर्जा पर भरोसा जताते हुए कर्मठ और ऊर्जावान सामाजिक कार्यकर्ता सतिंदर सिंह यादव को उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर का युवा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।
यह प्रतिष्ठित नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिल्ली सरकार के पूर्व ओबीसी चेयरमैन जगदीश यादव की संस्तुति तथा कोर कमेटी की सर्वसम्मति के बाद तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। इस बड़ी जिम्मेदारी के पीछे राजस्थान के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिनेश यादव का विशेष सुझाव और मार्गदर्शन रहा, जिसके बाद राष्ट्रीय कमेटी ने सतिंदर सिंह के कंधों पर इस नए दायित्व का भरोसा जताया है। अपनी इस नियुक्ति पर गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए नवनियुक्त युवा जिला अध्यक्ष सतिंदर सिंह यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव, राजस्थान के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिनेश यादव, राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष और बड़े भाई अहीर रतन जी (रतन अहीर नरेला) सहित भूपेंद्र यादव (भाजपा), डॉ. सुधा यादव, हिमांशु यादव (भाजपा) और अपने तमाम शुभचिंतकों का हृदय से आभार प्रकट किया है।
इस नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए सतिंदर सिंह यादव ने शीर्ष नेतृत्व को पूर्ण विश्वास दिलाया है कि वे संगठन की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के भीतर श्री कृष्णा यादव महासभा को धरातल पर एक नई और अभूतपूर्व मजबूती प्रदान करना है। इसके लिए वे ग्रामीण और ब्लॉक स्तर पर जाकर युवाओं के बीच एक नई चेतना जगाएंगे और पूरी ऊर्जा के साथ समाज को संगठित, सशक्त और जागरूक करने का कार्य करेंगे। संगठन के राष्ट्रीय संगठन महासचिव व संस्थापन हेमंत यादव (एडवोकेट) द्वारा जारी पत्र में भी सतिंदर सिंह की क्षमताओं पर पूरा भरोसा जताया गया है कि वे संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर कैडर्स को मजबूत करेंगे। इस नियुक्ति के बाद से ही सतिंदर सिंह यादव के समर्थकों और शुभचिंतकों में भारी उत्साह है और उन्हें चारों ओर से बधाइयाँ मिलने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे यह साफ है कि आने वाले समय में उत्तराखंड में यादव महासभा एक नए और स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत करने जा रही है।



