रामनगर में परिवहन विभाग के नियमों का जनाजा। मासूमों की जिंदगी से लेकर आम जनता तक कि जान से खिलवाड़ सड़कों पर मौत का सफर।
सलीम अहमद साहिल
रामनगर की सड़कों पर इन दिनों मौत किसी हादसे का इंतजार नहीं कर रही बल्कि जर्जर, खस्ताहाल और नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे डग्गामार वाहनों के पहियों के रूप में खुलेआम घूम रही है। इन वाहनों की हालत ऐसी है कि कब किसकी जिंदगी इनकी लापरवाही की भेंट चढ़ जाए इसका अंदाजा खुद सड़क पर चलने वाले लोगों को भी नहीं है। सबसे बड़ा सवाल उस सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है जिनके कंधों पर रामनगर की सड़कों पर यातायात नियमों का पालन कराने और आम आदमी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है। आखिर विभाग किस कानून का चश्मा पहनकर बैठा है जिसे सड़कों पर बेखौफ दौड़ते डग्गामार वाहन दिखाई नहीं देते? जिन स्कूल वैन और बसों में देश का भविष्य कहे जाने वाले मासूम बच्चों को निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक संख्या में ठूंसकर ले जाया जा रहा है अन्य मानक भी पुरे नहीं होते है क्या उनकी सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता में शामिल नहीं है? कुछ छोटी मोटी कार्यवाही करके और नगद चालान कर कार्यवाही का ढिंढोरा पीटना कितना सही है साहब ये कुछ सवाल है?
पिछले छह महीनों में कितनी स्कूली बसों और वैन की जांच की गई?
कितने वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले?
कितने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त पाए गए?
कितने वाहन चालकों के पास वैध लाइसेंस नहीं मिला?
कितने वाहनों को सीज किया गया?
क्या बार-बार नियम तोड़ने वाले स्कूलों और वाहन संचालकों के परमिट निलंबित करने की कार्रवाई की गई?
क्या किसी स्कूल प्रबंधन को भी जिम्मेदार ठहराया गया?
क्या उन तेज रफ्तार वाहनों के चालकों पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी भी किसी दूसरे विभाग की है जो सड़कों पर स्टीयरिंग के पीछे बैठकर रफ्तार को मौत का हथियार बना रहे हैं? सवाल सिर्फ यातायात नियमों के उल्लंघन का नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों की जिंदगी का है जो हर रोज अपने बच्चों और परिजनों को सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद में सड़कों पर भेजते हैं। परिवहन विभाग की कथित निष्क्रियता के बीच रामनगर की सड़कों पर नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के हौसले आखिर इतने बुलंद कैसे हैं?
ऐसा भी नहीं है कि रामनगर के जिम्मेदार अधिकारियों को सड़क हादसों के खतरों का अंदाजा नहीं है। काशीपुर से रामनगर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309 पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते कई दर्दनाक हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और कई परिवारों ने अपनों को गंभीर रूप से घायल होते देखा। इसके बावजूद यदि डग्गामार वाहनों, ओवरलोड स्कूली वाहनों और यातायात नियमों को कुचलकर सड़कों पर फर्राटा भरने वाले चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती, तो परिवहन विभाग की जवाबदेही तय होना लाजिमी है। आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग की नींद क्यों टूटती है? क्या मासूम बच्चों से भरी किसी स्कूल बस का दुर्घटनाग्रस्त होना, किसी परिवार के चिराग का बुझना या किसी निर्दोष राहगीर का मौत के आगोश में समा जाना ही कार्रवाई का कारण बनेगा? जिस अधिकारी को रामनगर की सड़कों पर जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उससे यह सवाल पूछना जरूरी है कि आखिर नियमों का पालन कराने के लिए उनका कानूनी डंडा कब चलेगा? कहावत है—’मस्तराम मस्ती में, आग लगे बस्ती में’, और रामनगर की मौजूदा सड़कों की तस्वीर देखकर यह कहावत परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सटीक सवाल खड़े करती नजर आती है। अब देखना यह होगा कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का अहसास करते हुए कब नींद से जागते हैं और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों तथा उनके चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हैं, या फिर विभाग किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही अपनी जवाबदेही याद करेगा।