यूपी में भीषण सड़क हादसा: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी बस, दरोगा समेत 7 की मौत, 24 घायल
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में बिहार पुलिस के एक दरोगा समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार बनी मौत की वजह
जानकारी के मुताबिक बस में कुल 52 यात्री सवार थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे उन्नाव क्षेत्र में चालक अचानक बस से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बस पहले पुलिया से टकराई और फिर कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस में फंस गए थे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और यूपीडा कर्मियों को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
24 घायल लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
घायलों को पहले नजदीकी सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन कई यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में तीन पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
मृतकों में दरोगा भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में बिहार के सीवान जिले में तैनात उप निरीक्षक शिवचरन राम भी शामिल हैं। इसके अलावा गोरखपुर, बस्ती और अन्य जिलों के यात्रियों की मौत हुई है। कुछ मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
CM योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही है।
जांच में जुटी पुलिस
एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे का मुख्य कारण मानी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
त्योहार से पहले मातम
बकरीद से पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जो लोग अपने घर लौट रहे थे, उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि सफर मौत में बदल जाएगा। पूरे इलाके में घटना के बाद शोक का माहौल है।



