विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को 300 बेड अस्पताल में लगेगा रक्तदान शिविर, सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा स्वैच्छिक रक्तदान अभियान, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमित कुमार दिनकर ने लोगों से की ये अपील
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को 300 बेड अस्पताल, बरेली में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने की अपील की है। उनका कहना है कि रक्तदान एक महादान है, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। शिविर में योग्य रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद रक्त संग्रह किया जाएगा।
विश्व रक्तदाता दिवस का उद्देश्य सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना, रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा नियमित रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करना है। वहीं समाज के सभी वर्गों से शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने और इस जनहित अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमित कुमार दिनकर ने की अपील
इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. अमित कुमार दिनकर, ब्लड बैंक इंचार्ज, जिला अस्पताल बरेली, ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकता है और नियमित रक्तदान से अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।



