आगरा में चंबल के उफनते पानी और मौत के बीच 3 घंटे का हाई-वोल्टेज ड्रामा! प्रेमिका और नवजात बेटी के वियोग में जाली पर चढ़ा प्रेमी, फिर यूं बची जिंदगी
प्यार, तड़प और खाकी पर अटूट भरोसे की एक ऐसी सनसनीखेज तस्वीर चंबल नदी के पुल से सामने आई है, जिसने हर किसी की सांसें थाम दीं। जिस चंबल के पुल पर हवा का झोंका भी खौफ पैदा करता है, वहां एक युवक अपनी प्रेमिका और महज दो सप्ताह की नवजात बेटी से अलग होने के गम में अपनी जिंदगी खत्म करने पहुंच गया। पुल की ऊंची लोहे की जाली पर चढ़कर जब वह उफनती नदी में छलांग लगाने ही वाला था, तभी किस्मत और पुलिस की सतर्कता ने मौत के मुहाने पर खड़े इस प्रेमी का हाथ थाम लिया।
यह पूरा घटनाक्रम रविवार का बताया जा रहा है, जिसकी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। कांवड़ मार्ग के निरीक्षण के दौरान अचानक अपर पुलिस आयुक्त की नजर पुल की जाली पर लटके इस हताश युवक पर पड़ी। मंज़र भांपते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और देखते ही देखते आगरा (यूपी) और मध्य प्रदेश पुलिस का अमला मौके पर जमा हो गया। करीब तीन घंटे तक चले इस सांस रोके देने वाले ड्रामे के दौरान युवक ने एक ऐसी शर्त रखी जिसने सब को चौंका दिया। युवक ने साफ कहा कि उसे मध्य प्रदेश पुलिस पर रत्ती भर भरोसा नहीं है, वह सिर्फ यूपी पुलिस से ही बात करेगा।
इसके बाद आनन-फानन में खेरा राठौर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। यूपी पुलिस के जवानों ने जब हमदर्दी और अपनेपन के साथ उससे बातचीत शुरू की, तो महज़ 10 मिनट के भीतर ही युवक का दिल पिघल गया और वह जाली से नीचे उतर आया। आंसुओं से भीगी आंखों से युवक ने बताया कि उसने एक साल पहले अपनी प्रेमिका से लव मैरिज की थी। दो हफ्ते पहले ही उनके घर एक नन्हीं परी ने जन्म लिया था, लेकिन लड़की के मामा जबरन प्रेमिका और नवजात बच्ची को उठाकर अपने साथ ले गए। जब कहीं से मदद की राह न दिखी तो उसने अपनी जान देने की ठान ली थी, लेकिन यूपी खाकी की समझदारी ने एक उजड़ते परिवार की उम्मीद को दोबारा जिंदा कर दिया।



