09 लाख के अवैध लीसा की खेप बरामद: पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कैंटर चालक गिरफ्तार
सलीम अहमद साहिल
जंगलों की बेशकीमती संपदा को चोरी-छिपे ठिकाने लगाने के काले कारोबार पर कोतवाली रामनगर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने करारा प्रहार किया है। मुखबिर से मिली सटीक और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वन विभाग के साथ मिलकर टेढ़ा स्थित वन बैरियर पर नाकेबंदी की, जहां कुछ ही देर में संदिग्ध अवस्था में पहुंच रहा एक कैंटर (UK18CA-9562) टीम के हत्थे चढ़ गया। जब कैंटर की गहन तलाशी ली गई तो अधिकारियों की आंखें फटी रह गईं; गाड़ी के भीतर तरकीब से छुपाकर ले जाए जा रहे कुल 390 टीन अवैध लीसा बरामद हुए। मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपी चालक की पहचान प्रेम सिंह, पुत्र स्वर्गीय टीकम सिंह, निवासी च्यूटीगढ़ धारी (जनपद नैनीताल), उम्र 39 वर्ष के रूप में हुई है। बाजार में बरामद अवैध लीसा की अनुमानित कीमत लगभग 09 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना रामनगर में संबंधित आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की धारा 26/52 के तहत मुकदमा दर्ज (FIR No- 300/26) कर लिया है और तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




