रामनगर कोसी पार्क प्रोजेक्ट : सियासत नहीं, सेवा का संकल्प- रामनगर में कोसी नदी के किनारे विकसित होगा आधुनिक पार्क। राकेश नैनवाल की पहल से कोसी किनारे बसेगा रामनगर के सपनों का पार्क।
सलीम अहमद साहिल
जहाँ सियासत अक्सर वादों के शोर में उलझ कर रह जाती है, वहीं रामनगर में जनसेवा का एक सच्चा अध्याय लिखा जा रहा है। रामनगर के लाल के नाम से पहचान जाने वाले राकेश नैनवाल पूर्व महामंत्री भाजपा उत्तराखंड ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर दिखाया है। उनकी जमीनी सोच और अटूट संकल्प से कोसी नदी के मनोरम तट पर सिर्फ एक पार्क नहीं, बल्कि हर उम्र के चेहरे पर मुस्कान लौटाने वाला एक सपना आकार ले रहा है। यह पहल है – युवाओं की ऊर्जा को दिशा देने की, बुजुर्गों की सुबह को सुकून देने की, और मासूम बचपन की किलकारियों को एक सुरक्षित ठिकाना देने की।

लंबे समय से उपेक्षित पड़ी कोसी किनारे की भूमि अब जन-सुविधाओं के एक खूबसूरत केंद्र के रूप में संवरने जा रही है। वन विभाग द्वारा शुरू किए गए इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में लगभग 1.75 किलोमीटर लंबा भव्य वॉकिंग और रनिंग ट्रैक, बच्चों की दुनिया के लिए आधुनिक झूले, सुस्ताने के लिए बेंच और सुव्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। कोसी की कल-कल बहती धारा और नैसर्गिक सौंदर्य के बीच यह पार्क सिर्फ सैरगाह नहीं, बल्कि रामनगरवासियों के लिए सेहत, सुरक्षा और सुकून का संगम बनेगा। यह उस सोच का परिणाम है जो सड़कों पर सैर करने वाले लोगों की सुरक्षा को अपना दायित्व समझती है।

यह तो बस एक शुरुआत है। राकेश नैनवाल का विजन इससे भी बड़ा है। भविष्य में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अनिल बलूनी के सहयोग से इस पार्क को सीसीटीवी निगरानी, योगा हट और अन्य आधुनिक सुविधाओं से लैस कर इसे एक आदर्श पब्लिक स्पेस बनाने की उनकी योजना है। इस जनहितैषी पहल के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , सांसद अनिल बलूनी और वन विभाग के प्रति आभार जताया है। आज पूरा रामनगर इस निर्माण की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है, क्योंकि जब एक कार्यकर्ता जनता की जरूरत को अपना प्रण बना लेता है, तो एक पार्क सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं रहता, वो बन जाता है एक शहर के बेहतर कल की सबसे खूबसूरत उम्मीद।