रेंजर कृपाल सिंह बिष्ट के राज में फाँटो जोन बना सवालों का दायरा: गुलदार की संदिग्ध मौत पर चुनाखान पोस्टमार्टम और प्रशासनिक लापरवाही से गहराया बड़ा संशय।
अज़हर मालिक
तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के फाँटो इको टूरिस्ट जोन की बीट संख्या 40 में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले गुलदार के शव और रेंजर कृपाल सिंह बिष्ट की संदिग्ध कार्यशैली ने वनों की निगरानी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। घटना सामने आने के बाद जिस तरह से आनन-फानन में बिना किसी पारदर्शिता के गुलदार के शव को नजदीकी विकल्पों को दरकिनार कर विशेष रूप से चुनाखान पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, उससे रेंजर की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृत गुलदार के सिर के मध्य भाग में गहरा घाव था, जो यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या यह किसी क्रूर शिकारी के जाल का शिकार था या फिर किसी सोची-समझी लापरवाही का नतीजा। इस संवेदनशील वन क्षेत्र से सटे अमानगढ़ रेंज के तस्करी से जुड़े पुराने काले इतिहास को देखते हुए इस घटना को महज एक सामान्य हादसा मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, क्योंकि रेंजर कृपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विभाग की यह जल्दबाजी कई अनकहे रहस्यों की ओर इशारा कर रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या रेंजर कृपाल सिंह बिष्ट और विभागीय अमला इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवाकर गुलदार की मौत के असली कारणों का खुलासा करेगा या फिर इस पूरी गंभीर घटना को कागजी औपचारिकताओं की फाइलों में हमेशा के लिए दफन कर दिया जाएगा? वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगलों की हिफाजत केवल सरकारी विज्ञापनों और कागजी दावों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इस खामोशी के पीछे छुपे सच को सामने लाकर दोषियों और लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी है ताकि जंगलों में बेकसूर वन्यजीवों की जान से इस तरह खिलवाड़ करने वाले चेहरों बेनकाब हो सकें।