खुर्जा डबल मर्डर: ससुर-बहू के रिश्ते ने उजाड़ा पूरा परिवार, बेटे ने पिता और पत्नी को गोलियों से भूना
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। परिवार के अंदर पनपे रिश्तों के विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि बेटे ने अपनी ही पत्नी और पिता को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस जांच में हर घंटे नए खुलासे हो रहे हैं, जिन्होंने पूरे मामले को और भी चौंकाने वाला बना दिया है।
निकाह के सात महीने बाद बिगड़ने लगे रिश्ते
पुलिस जांच के मुताबिक 14 फरवरी 2025 को मुबीन और सना का निकाह हुआ था। शुरुआत के कुछ महीने तक सब सामान्य रहा, लेकिन सितंबर 2025 के बाद घर में तनाव बढ़ने लगा। आरोप है कि मुबीन के पिता रियाजुद्दीन और उसकी पत्नी सना के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं।
परिवार को जब इस रिश्ते पर शक हुआ तो घर में रोज विवाद होने लगे। मामला इतना बढ़ गया कि अक्टूबर 2025 में दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में देख लिया गया। इसके बाद सना को मायके भेज दिया गया था और तलाक तक की नौबत आ गई थी।
व्हाट्सएप चैट और वॉयस मैसेज से खुला राज
जांच में सामने आया कि मुबीन अपनी पत्नी का व्हाट्सएप वेब लैपटॉप में चलाता था। इसी दौरान उसे सना और पिता रियाजुद्दीन के बीच हुई चैट और वॉयस मैसेज मिले। बताया जा रहा है कि इन्हीं मैसेजों को पढ़ने के बाद मुबीन मानसिक तनाव में रहने लगा था।
पुलिस को दोनों के मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सबूत भी मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पंचायत हुई, फिर बहा खून
रविवार को परिवार में एक बार फिर विवाद बढ़ गया। मुबीन ने सना के मायके वालों को घर बुलाया। दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई और समझौते की कोशिश की गई।
इसी दौरान मुबीन ने अपने पिता रियाजुद्दीन के साथ मारपीट भी की। रिश्तेदारों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन पंचायत खत्म होने के बाद फिर विवाद भड़क उठा।
गुस्से में मुबीन ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल उठाई और पहले पिता रियाजुद्दीन के सीने में गोली मारी, फिर पत्नी सना के सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े।
खुद पुलिस को दी हत्या की सूचना
डबल मर्डर करने के बाद आरोपी मुबीन ने खुद ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली।
रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सना को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
14 दिन के मासूम के सिर से उठा मां का साया
इस दर्दनाक घटना में सबसे बड़ा झटका 14 दिन के मासूम अब्बास को लगा है। सना ने 10 मई को बेटे को जन्म दिया था। अभी उसने दुनिया को ठीक से देखना भी शुरू नहीं किया था कि उसके सिर से मां का साया उठ गया और पिता जेल पहुंच गया।
मां की चुप्पी बनी बड़ा कारण!
मुबीन की मां किस्वर ने पुलिस को बताया कि शुरुआत में उसने इस रिश्ते का विरोध किया था। लेकिन परिवार टूटने और घर से निकाले जाने के डर से वह चुप हो गई। इसी चुप्पी ने धीरे-धीरे पूरे परिवार को तबाही की तरफ धकेल दिया।
गांव में मातम, इलाके में सनसनी
घटना के बाद पूरे कलंदरगढ़ी गांव में मातम पसरा हुआ है। बकरीद की तैयारियों के बीच हुए इस खूनी कांड ने हर किसी को हैरान कर दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल चैट और परिवार के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी मुबीन से लगातार पूछताछ की जा रही है और सभी डिजिटल सबूतों की गहन जांच होगी।



