बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा: कैंची धाम जा रही इनोवा ट्रक से टकराई, 4 युवकों की मौत, 3 की हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कैंची धाम के दर्शन के लिए निकले युवकों की तेज रफ्तार इनोवा लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
भोर के अंधेरे में मचा कोहराम
हादसा हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव के पास तड़के करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि वाराणसी और आसपास के जिलों से युवक कैंची धाम के दर्शन के लिए निकले थे। हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही इनोवा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
चार युवकों की गई जान
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गाजीपुर निवासी राहुल सिंह (35), चंदौली निवासी राहुल कुमार (36), बलिया निवासी सत्यम (38) और ट्रक खलासी सूरज यादव (30) के रूप में हुई है।
तीन घायल लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर
हादसे में घायल मिर्जापुर निवासी चंदन सिंह (35), पंकज सिंह (34) और बलिया निवासी प्रशांत की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
झपकी आने से हुआ हादसा!
प्रारंभिक जांच में पुलिस झपकी आने को हादसे की बड़ी वजह मान रही है। माना जा रहा है कि लंबी दूरी और रातभर सफर करने के कारण चालक को नींद की झपकी आई, जिससे इनोवा सीधे ट्रक में जा टकराई।
दर्शन की खुशी मातम में बदली
जो युवक सुबह मंदिर में माथा टेकने वाले थे, उनके घरों में अब मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो गए। हाईवे पर बिखरे वाहन के टुकड़े और खून से सने दृश्य देखकर लोगों की रूह कांप उठी।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।



