11 साल बाद फिर मैदान में भाजपा, आज से चलेगा घर-घर सरकार अभियान
देहरादून : क्या सत्ता के 11 साल के सफर के बाद भाजपा अब फिर एक नई पारी की तैयारी में है? क्या जनता तक सीधे पहुंच बनाकर भाजपा की राजनीति की बिसात बिछा रही है? इन सवालों का जवाब खुद भारतीय जनता पार्टी आज से देने जा रही है, जब वह केंद्र में अपनी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर देशभर में विशाल जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेगी।
इस अभियान के तहत भाजपा का फोकस केंद्र सरकार की “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर रहेगा। अभियान 9 जून से 9 जुलाई तक चलेगा, जिसमें उत्तराखंड सहित पूरे देश में कई आयोजन किए जाएंगे।
12 से 16 जून तक मंडल स्तर पर “विकसित भारत संकल्प सभा” आयोजित की जाएगी। इन सभाओं के माध्यम से न सिर्फ योजनाओं का प्रचार-प्रसार होगा, बल्कि जनता से सीधे संवाद कर उनकी अपेक्षाओं को भी समझने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान की औपचारिक शुरुआत 9 जून को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की प्रेस वार्ता से होगी। 10 जून को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसकी अगुवाई करेंगे, जबकि 11 और 12 जून को सभी जिलों में भाजपा सांसद, मंत्री, विधायक और पदाधिकारी मीडिया के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे।
भाजपा इस जनसंपर्क को केवल प्रचार नहीं, बल्कि “लोक संवाद” मान रही है। पार्टी का लक्ष्य है कि 2014 से अब तक के 11 सालों में हुए बदलाव को हर नागरिक तक पहुंचाया जाए — ताकि विश्वास की यह यात्रा अगली मंज़िल तक पहुंच सके।