तिरंगा यात्रा के साथ हरेंद्र बोरा ने फूंका 2027 का चुनावी बिगुल, अवैध नशे और माफिया राज के खात्मे का लिया संकल्प
लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरेंद्र बोरा के नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकालकर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का जोरदार आगाज किया गया। हल्दूचौड़ पंचायत घर से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई शहीद स्मारक तक पहुँची इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने हाथों में तिरंगा थामकर और देशभक्ति के नारों के साथ क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। इस दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए हरेंद्र बोरा ने जहाँ एक ओर वीर शहीदों के बलिदान को नमन किया, वहीं दूसरी ओर वर्तमान सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और महिला अपराधों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को उठाते हुए आरोप लगाया कि लालकुआँ वर्तमान में अवैध नशे और शराब के कारोबार की मंडी बन चुका है, जिसमें सत्तापक्ष के संरक्षण के चलते प्रशासन भी असहाय नजर आ रहा है। बोरा ने स्पष्ट शब्दों में घोषणा की कि यदि 2027 में कांग्रेस पार्टी उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे क्षेत्र से गुंडागर्दी और माफिया राज का समूल नाश करेंगे और अवैध नशे के सौदागर सलाखों के पीछे होंगे। हरेंद्र बोरा ने इस तिरंगा यात्रा को प्रतिवर्ष आयोजित करने का संकल्प लेते हुए सभी क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और भ्रष्टाचार मुक्त लालकुआँ बनाने का आह्वान किया
।