आँचल दुग्ध संघ में धूमधाम से मना 77वाँ गणतंत्र दिवस; भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण मिलने पर मुकेश बोरा ने जताया हर्ष
मुकेश कुमार
लालकुआँ (नैनीताल): नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (आँचल) में 77वाँ गणतंत्र दिवस राष्ट्रभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा द्वारा प्रशासनिक भवन के प्रांगण में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान से नवाजे जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे उत्तराखंड के लिए आत्मगौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस की लोकतांत्रिक विजय के साथ कोश्यारी जी को मिला यह सम्मान प्रदेश के लिए एक साझा ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार प्रकट किया।
संबोधन के दौरान अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध संघ के कामगारों के हितों को प्राथमिकता देते हुए घोषणा की कि 1 जनवरी से कामगारों की वेतन वृद्धि में 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का सकारात्मक निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस का यह उत्सव केवल मुख्य कार्यालय ही नहीं, बल्कि संघ से संबद्ध सभी 692 दुग्ध समितियों और 5 अवशीतन केंद्रों पर भी पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा और प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने संविधान के महत्व और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लेने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का सफल संचालन संजय सिंह भाकुनी द्वारा किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल, गोविन्द सिंह मेहता, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र राणा सहित दुग्ध संघ के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




