UP ATS का बड़ा धमाका: ‘डेविल’ के खौफनाक मंसूबों पर फिरा पानी
पाकिस्तानी हैंडलर्स की रची ‘रेल ब्लास्ट’ की साजिश नाकाम
QR कोड और सोशल मीडिया के जरिए दहलाने की थी तैयारी
उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बेहद सटीक और साहसिक कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित हो रहे एक ऐसे आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है जो राजधानी लखनऊ समेत देश के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को दहलाने की फिराक में था। एडीजी कानून व्यवस्था और एसटीएफ चीफ अमिताभ यश ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि मेरठ का रहने वाला साकिब उर्फ ‘डेविल’ अपने पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर न केवल रेलवे संपत्तियों और वीआईपी हस्तियों की रेकी कर रहा था, बल्कि उसने लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास सिग्नल बॉक्स को उड़ाने की पूरी पटकथा लिख डाली थी। इस गिरोह के तार दुबई और अफगानिस्तान तक फैले हुए हैं, जहां से इन्हें एन्क्रिप्टेड ऐप्स के माध्यम से ‘टारगेट’ दिए जाते थे और हर छोटी आगजनी का वीडियो भेजने पर क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल पेमेंट किया जाता था। एटीएस ने समय रहते साकिब के साथ उसके सहयोगियों को दबोच कर एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया है और अब पांच दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान इनके पूरे नेटवर्क और ‘स्लीपर सेल्स’ की जड़ों को खोदने की तैयारी शुरू कर दी गई है ताकि देश की अखंडता को चुनौती देने वाली हर साजिश को नेस्तनाबूद किया जा सके।



