ABVP में एक दशक का अनुभव और संघ की पृष्ठभूमि: करन भारद्वाज बने भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री
काशीपुर : उत्तराखंड की राजनीति में युवाओं की बढ़ती भागीदारी और संगठन को मजबूती देने के क्रम में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली की संस्तुति पर जमीनी स्तर के ऊर्जावान कार्यकर्ता करन भारद्वाज को काशीपुर जिले का जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है। करन भारद्वाज के नाम की घोषणा होते ही जिले भर के भाजपाइयों और युवा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक बधाई देने वालों का तांता लगा है और इसे संगठन का एक सराहनीय निर्णय बताया जा रहा है।
करन भारद्वाज की यह नियुक्ति महज एक पद नहीं, बल्कि उनके वर्षों के समर्पण और अनुशासित कार्यशैली का परिणाम मानी जा रही है। बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवक के रूप में संस्कारित करन भारद्वाज ने छात्र राजनीति की नर्सरी यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में लगभग एक दशक तक सक्रिय भूमिका निभाई है। माँ भारती की सेवा और छात्र हितों के लिए समर्पित रहते हुए उन्होंने न केवल काशीपुर, बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के अधिवेशनों में भी प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और कठिन परिश्रम को देखते हुए ही शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें अब जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
अपनी इस नई पारी की शुरुआत पर आभार व्यक्त करते हुए करन भारद्वाज ने कहा कि वे संगठन के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली, प्रदेश प्रभारी आदित्य चौहान, प्रदेश महामंत्री दीप कोश्यारी, मुलायम सिंह रावत के साथ-साथ जिला काशीपुर के प्रभारी पुष्कर काला, जिला अध्यक्ष मनोज पाल, युवा मोर्चा जिला प्रभारी मोहन बिष्ट और जिला अध्यक्ष प्रशांत पंडित का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
नवनियुक्त जिला महामंत्री ने भविष्य के संकल्पों को दोहराते हुए कहा कि ‘संगठन सर्वोपरि’ के सिद्धांत पर चलते हुए वे युवाओं को राष्ट्रहित की मुख्यधारा से जोड़ेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शीर्ष नेतृत्व ने जो भरोसा उन पर जताया है, उसे वे मनोयोग और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ पूरा करेंगे। कार्यकर्ताओं का मानना है कि करन भारद्वाज के सांगठनिक अनुभव का लाभ आगामी समय में युवा मोर्चा को जिले भर में और अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने में मिलेगा।



