राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए नाबालिग की अस्मत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: आकाश सिंह काम्बोज
काशीपुर। चंपावत प्रकरण में अब भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह काम्बोज ने इस पूरे मामले को कांग्रेस की ओछी राजनीति का प्रमाण बताते हुए तीखे प्रहार किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपनी खोई हुई सियासी जमीन तलाशने के लिए कांग्रेस अब मासूम बेटियों को भी बदनाम करने पर उतर आई है।
आकाश सिंह काम्बोज ने कड़े शब्दों में कहा कि चंपावत में जिस तरह एक नाबालिग से जुड़े मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया और जांच में वह तथ्यहीन पाया गया, उसने कांग्रेस के असली ‘चाल, चरित्र और चेहरे’ को बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कांग्रेस नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक जानकारियों ने न केवल उस बच्ची के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई है, बल्कि समाज में भी जहर घोलने का काम किया है।
कांग्रेस के कुत्सित प्रयासों पर प्रहार करते हुए आकाश सिंह काम्बोज ने कहा:
“राजनीतिक द्वेष में किसी की इज्जत को सरेबाजार नीलाम करना कांग्रेस की पुरानी संस्कृति रही है। केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए एक निर्दोष नाबालिग को बदनामी के दलदल में धकेलना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। देवभूमि की जनता कांग्रेस के इन कुत्सित प्रयासों को भली-भांति देख रही है और वक्त आने पर इसका करारा जवाब देगी।”
युवा मोर्चा उपाध्यक्ष ने राज्य महिला आयोग से पुरजोर मांग की है कि इस साजिश के पीछे जो भी चेहरे हैं, विशेषकर जो लोग सोशल मीडिया पर सक्रिय रूप से इस झूठ को हवा दे रहे थे, उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब जांच में मामला गलत पाया गया है, तो दोषारोपण करने वाले नेताओं पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो भविष्य के लिए नजीर बने।
काम्बोज ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार और संगठन बेटियों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने मांग की है कि मामले की तह तक जाकर उन ‘पर्दे के पीछे के खिलाड़ियों’ को बेनकाब किया जाए जिन्होंने एक बच्ची की गरिमा को राजनीतिक मोहरा बनाया।



