फरीदपुर CHC से हटाए गए डॉ. अनुराग गौतम, डिप्टी CM की बैठक के बाद चला प्रशासनिक ‘एक्शन मोड’? सीएमओ के आदेश से स्वास्थ्य विभाग में मची हलचल, समीक्षा बैठक के बाद हुई कार्रवाई को लेकर तेज हुई चर्चाएं
शानू कुमार ब्यूरो उत्तर प्रदेश
बरेली : स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से चल रही खींचतान और शिकायतों के बीच आखिरकार बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सामने आ गया। CMO कार्यालय से जारी आदेश में फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. अनुराग गौतम को हटाकर सीएमओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है, जबकि डॉ. शुचिता गंगवार को फरीदपुर सीएचसी की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग के अंदर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सूत्रों के मुताबिक बीते दिनों बरेली पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं और कुछ चर्चित अधिकारियों को लेकर सवाल उठे थे। बताया जा रहा है कि उसी दौरान डॉ. अनुराग गौतम का मामला भी चर्चा में आया था और व्यवस्था सुधार को लेकर सख्त निर्देश दिए गए थे।
हालांकि आदेश में तबादले को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया गया है, लेकिन विभागीय गलियारों में इसे हालिया समीक्षा बैठक और बढ़ते दबाव से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा यह भी है कि आने वाले दिनों में स्वास्थ्य विभाग में और बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
सूत्रों का कहना है कि शासन स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। ऐसे में इस तबादले ने कई अधिकारियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं और विभाग में ‘एक्शन मोड’ की चर्चा तेज हो गई है।



