आवारा कुत्तों को हटाने के आदेश पर बोले सोनू सूद, कहा- ‘मारना नहीं, शेल्टर बनाना है समाधान’
Sonu Sood ने पंजाब में आवारा कुत्तों को लेकर दिए गए सरकारी आदेश पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता ने Bhagwant Mann के फैसले पर असहमति जताते हुए कहा कि बेजुबान जानवरों को हटाना या मारना समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि उनके लिए शेल्टर और सुरक्षित जगह बनाई जानी चाहिए।
दरअसल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाने के निर्देश दिए थे। यह फैसला राज्य में बढ़ते डॉग अटैक मामलों को देखते हुए लिया गया। इसी मुद्दे पर अब सोनू सूद ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी चिंता जाहिर की है।
सोनू सूद ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री का आदेश देखा, जिसमें सड़क किनारे रहने वाले कुत्तों को पकड़कर हटाने की बात कही गई थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इसके बाद उन जानवरों के साथ क्या होगा, यह साफ नहीं है।
अभिनेता ने कहा, “इंसान किताबें लिख सकता है, लेकिन वफादारी की बात करें तो कुत्तों से ज्यादा वफादार कोई नहीं होता। कुछ जगहों पर ऐसे कुत्ते जरूर होते हैं जो लोगों या बच्चों पर हमला करते हैं, ऐसे मामलों से अलग तरीके से निपटा जा सकता है, लेकिन सभी आवारा कुत्तों को हटाना सही नहीं है।”
Sonu Sood ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर होम और सुरक्षित जगह बनाई जानी चाहिए, ताकि वे शांति और सुरक्षा के साथ रह सकें। उन्होंने कहा कि इस आदेश को रोका जाना चाहिए और दया के साथ समाधान तलाशना जरूरी है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में सोनू सूद ने लिखा, “वे हमारी सड़कों की रखवाली करते हैं, बिना किसी शर्त के प्यार करते हैं और बदले में कुछ नहीं मांगते। आवारा कुत्तों को मारना कोई हल नहीं है। दया ही असली समाधान है। उनकी रक्षा करें, उन्हें खाना खिलाएं और उन्हें जीने दें।”
बता दें कि पंजाब में हाल के दिनों में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं, जिसके बाद सरकार ने सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। हालांकि अब इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई है और कई लोग पशु संरक्षण और जन सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की मांग कर रहे हैं।



