दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी, लुधियाना में हाई अलर्ट; मेयर ऑफिस भी निशाने पर
पंजाब के लुधियाना में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में मेयर कार्यालय, मेयर हाउस और पंजाबी सिंगर Diljit Dosanjh के लुधियाना स्थित घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
जानकारी के मुताबिक यह ईमेल नगर निगम कमिश्नर समेत कई सरकारी ईमेल आईडी पर भेजा गया था। ईमेल का विषय “Bomb Blast Mayor Office Ludhiana” लिखा गया था। इसमें धमाके का समय भी बताया गया था। संदेश में दोपहर 1:11 बजे मेयर पर हमले और रात 9:11 बजे दिलजीत दोसांझ के घर पर विस्फोट की धमकी दी गई।
धमकी भरे संदेश में यह भी कहा गया कि जो कोई भी दिलजीत दोसांझ की मदद करेगा, उसे भी निशाना बनाया जाएगा। ईमेल में 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया और 6 जून तक सिलसिलेवार धमाकों की चेतावनी दी गई।
ईमेल के अंत में कथित तौर पर एक अलगाववादी संगठन का नाम भी लिखा गया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां अभी इसकी सत्यता की जांच कर रही हैं और आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची हैं।
धमकी मिलने के बाद पुलिस ने एहतियातन नगर निगम कार्यालय खाली करा लिया और पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा कर्मियों ने मेयर ऑफिस और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद कर्मचारियों को दोबारा दफ्तर में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।
फिलहाल मेयर कार्यालय समेत शहर के कई संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान और आईपी एड्रेस ट्रेस करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।



