हरियाणा में दिल दहला देने वाली वारदात: नींव में दबा मिला महिला का शव, पति पर हत्या का आरोप
हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की हत्या कर उसके शव को कट्टे में बंद कर निर्माणाधीन मकान की नींव में दबाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोहाना की नई सब्जी मंडी क्षेत्र में रविवार देर रात एक निर्माणाधीन मकान की नींव में कट्टे में बंद महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान प्रियंका उर्फ सीमा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव घड़वाल की रहने वाली बताई जा रही है। वह फिलहाल गोहाना में रह रही थी। शुरुआती जांच में महिला के पति संदीप पर हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने पत्नी की हत्या की और शव को छिपाने के इरादे से कट्टे में बंद कर पास के निर्माणाधीन प्लॉट की नींव में दबा दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी गोहाना, थाना शहर गोहाना के एसएचओ और कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद आरोपी पति फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में इसे घरेलू विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



