VIP नंबर 0001 की आड़ में ट्रांसफार्मर लूटने वाले शातिर बेनकाब, खाकी की तेज़-तर्रार रणनीति ने सलाखों के पीछे पहुँचाया अंतर्राज्यीय गिरोह
सड़क से जब काले रंग की चमचमाती स्कॉर्पियो गुज़रती और उस पर UP 20 AY 0001 जैसा रसूखदार VIP नंबर चमकता, तो देखने वाला यही समझता कि गाड़ी में कोई बड़ा अफ़सर या रसूखदार शख़्स सवार है। पर किसे मालूम था कि इस VIP नंबर की आड़ में रसूख का नहीं, बल्कि चोरी और नीचता का खेल खेला जा रहा है। जसपुर कोतवाली क्षेत्र में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रांसफार्मर से कॉपर और तेल उड़ाने वाले इस अंतर्राज्यीय गिरोह ने खाकी की मुस्तैदी को हलके में लेने की भूल कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के कुशल और धारदार निर्देशन में काम कर रही पुलिस टीम ने इस पूरे नेक्सस की बक्कल उधेड़कर रख दी। पुलिस की सटीक रणनीति, तेज तर्रार पतारसी और बिना थके पीछा करने की कार्यशैली के आगे अपराधियों का यह VIP ड्रामा ताश के पत्तों की तरह ढह गया।
जसपुर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर चोरी की दो लगातार घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी थी, लेकिन एसएसपी अजय गणपति की अगुवाई में पुलिस की सतर्कता ने अपराधियों के हर दांव को उलटा साबित कर दिया। खाकी ने दिन-रात एक करके न सिर्फ अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को दबोचा, बल्कि अपराध में इस्तेमाल की जा रही वही तथाकथित VIP स्कॉर्पियो (UP 20 AY 0001) भी जब्त कर ली। मौके से भारी मात्रा में चोरी किया गया कॉपर और तेल बरामद करके पुलिस ने अपराधियों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। इतना ही नहीं, चोरी के माल को कौड़ियों के भाव खरीदने-बेचने वाले कबाड़ियों को भी पुलिस ने अपने रडार पर ले लिया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। अपराध की चालाकी पर खाकी का इकबाल एक बार फिर भारी पड़ा है और उत्तराखंड पुलिस के इस साहसिक व त्वरित एक्शन ने कानून-व्यवस्था में जनता का भरोसा और मजबूत कर दिया है।



