अदालत परिसर में सनसनी: आगरा दीवानी में महिला वकील पर युवक ने छिड़का पेपर स्प्रे, अधिवक्ताओं के हंगामे के बाद आरोपी दबोचा गया!
ताजनगरी आगरा की दीवानी अदालत परिसर उस वक्त अचानक अखाड़े और अफरा-तफरी का मैदान बन गई, जब तारीख पर आए एक सिरफिरे युवक ने सरेआम महिला अधिवक्ता पर पेपर स्प्रे से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में महिला वकील के साथ-साथ विपक्षी पार्टी के पुत्र अमित दीक्षित भी चपेट में आ गए। जैसे ही अदालत के सुरक्षित माने जाने वाले घेरे में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया, पूरे दीवानी परिसर में हड़कंप मच गया और चारों तरफ चीख-पुकार के साथ भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित वकीलों और प्रत्यक्षदर्शियों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी युवक को चारों तरफ से घेर लिया। वकीलों ने मौके पर ही आरोपी को दबोचकर उसका विरोध किया और पुलिस के आने तक जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही एसएसएफ (SSF) के जवानों के साथ थाना न्यू आगरा और हरीपर्वत पुलिस की भारी टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को भीड़ के चंगुल से निकालकर अपनी हिरासत में ले लिया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपी को थाना न्यू आगरा ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं दूसरी ओर, पेपर स्प्रे के हमले से प्रभावित महिला अधिवक्ता और पीड़ित अमित दीक्षित को तत्काल मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। शुरुआती जांच में यह पूरी रंजिश ऊषा बनाम जुगल किशोर आदि के मुकदमे में तारीख पर आने से जुड़ी बताई जा रही है। फिलहाल पीड़ित अमित दीक्षित की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कोर्ट परिसर की सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक और घटना के कारणों की पड़ताल में जुट गई है।



